Credit Cards

छत्तीसगढ़: CM पद के लिए रमन सिंह ने दिया विष्णुदेव साय के नाम का सुझाव, नए मुख्यमंत्री बोले- पूरी करेंगे 'मोदी की गारंटी'

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद विष्णु देव साय ने मीडिया से कहा, "एक मुख्यमंत्री के रूप में, मैं सरकार के माध्यम से 'मोदी की गारंटी' को पूरा करने का प्रयास करूंगा।" BJP के चुनाव से पहले किए गए वादों को प्रधानमंत्री ने 'मोदी की गारंटी' नाम दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य में (प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत) 18 लाख घरों को मंजूरी उनकी सरकार का पहला काम होगा

अपडेटेड Dec 10, 2023 पर 5:56 PM
Story continues below Advertisement
BJP नेता विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद, पार्टी नेताओं सर्बानंद सोनोवाल और दुष्यंत कुमार गौतम माला पहनाता हुए (PHOTO-PTI)

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। BJP पदाधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। बीजेपी नेताओं ने बताया कि रविवार को यहां पार्टी पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना। उन्होंने बताया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह (Raman Singh) ने खुद साय के नाम का प्रस्ताव किया। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने भी उनका समर्थन किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय सरगुजा संभाग की कुनकुरी सीट से विधायक चुने गए हैं, जहां बीजेपी ने संभाग के सभी 14 सीट जीती हैं।

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद साय ने संवाददाताओं से कहा, "एक मुख्यमंत्री के रूप में, मैं सरकार के माध्यम से 'मोदी की गारंटी' को पूरा करने का प्रयास करूंगा।" BJP के चुनाव से पहले किए गए वादों को प्रधानमंत्री ने 'मोदी की गारंटी' नाम दिया था।


उन्होंने कहा कि राज्य में (प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत) 18 लाख घरों को मंजूरी उनकी सरकार का पहला काम होगा।

चुनाव में जाने के दौरान BJP ने किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने और महिलाओं को प्रति वर्ष 12000 रुपए देने समेत कई वादे किए हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से साय के नाम लगी मोहर

BJP नेताओं ने बताया कि यहां बीजेपी के नव निर्वाचित विधायकों की दोपहर बाद बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री और चुनाव सह प्रभारी डॉक्टर मनसुख मांडविया, BJP संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह भी मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ के नए CM होंगे विष्णुदेव साय, जानें राज्य से केंद्र और फिर मुख्यमंत्री तक का उनका पूरा सफर

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से साय को BJP विधायक दल का नेता चुन लिया गया। वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साय का स्वागत किया।

हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में BJP ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।