छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल का निधन, तीन महीने से खराब थी तबीयत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नंदकुमार बघेल के निधन पर दुख जताया है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है

अपडेटेड Jan 08, 2024 पर 10:57 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने X पर एक पोस्ट कर अपने पिता के निधन की सूचना दी

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल (Nand Kumar Baghel) का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह 89 साल के थे। भूपेश बघेल ने खुद सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। राजधानी रायपुर के बालाजी अस्पताल में सोमवार सुबह करीब 6 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने से उनकी तबीयत खराब थी। गंभीर हालत में उनका इलाज चल रहा था। स्वर्गीय नंद कुमार बघेल का अंतिम संस्कार 10 जनवरी को कुरुदडीह में किया जाएगा।

पूर्व सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा, "दु:ख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि बाबूजी श्री नंद कुमार बघेल जी का आज सुबह निधन हो गया है। अभी पार्थिव शरीर को पाटन सदन में रखा गया है। मेरी छोटी बहन के विदेश से लौटने के बाद अंतिम संस्कार 10 जनवरी को हमारे गृह ग्राम कुरुदडीह में होगा।" प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार शाखा के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि बघेल ने आज सुबह छह बजे रायपुर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे।

शुक्ला ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को रायपुर के शांतिनगर स्थित पाटन सदन में रखा जायेगा। पूर्व मुख्यमंत्री आज दोपहर बाद दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। बघेल ने अपने पिता के साथ एक फोटो भी साझा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नंदकुमार बघेल के निधन पर दुख जताया है।


अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान अपने पिता के अस्वस्थ्य होने की जानकारी दी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।