केजरीवाल ने 'शीश महल' पर खर्च किए थे ₹80 करोड़, CAG रिपोर्ट को लेकर BJP का सनसनीखेज दावा
Delhi Election 2025: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर CAG ऑडिट रिपोर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) हमलावर है। बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी पूरी रिपोर्ट नहीं आई है। केजरीवाल ने अपने 'शीश महल' पर 30 नहीं, बल्कि 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च किए
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच एक बार फिर 'शीश महल' चर्चा में है
Delhi Assembly Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार (6 जनवरी) को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर फ्लैगस्टाफ रोड स्थित उनके पूर्व सरकारी आवास के नवीनीकरण से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया। बीजेपी ने दावा किया है कि केजरीवाल ने अपने 'शीश महल' पर 30 नहीं, बल्कि 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च किए थे। अगले महीने दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल के सरकारी आवास पर CAG ऑडिट रिपोर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी पूरी रिपोर्ट नहीं आई है। लेकिन केजरीवाल ने अपने आवास पर 30 नहीं, 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दावा किया कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व आवास से संबंधित 139 सवाल उठाए हैं। भगवा पार्टी ने कहा कि उसने उनके काले कारनामों को उजागर किया है।
75-80 करोड़ रुपये खर्च का दावा
बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 की रिपोर्ट में 'शीश महल' पर 33.86 करोड़ रुपये खर्च का हवाला दिया गया है, लेकिन वास्तविक लागत उससे कहीं अधिक है। पीटीआई के मुताबिक उन्होंने दावा किया, "यह रिपोर्ट 2022 तक के खर्च से संबंधित है। 2023 और 2024 के खर्च के बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है। हमारी जानकारी के अनुसार, अगर बंगले में मौजूद वस्तुओं की लिस्ट को शामिल किया जाए तो वास्तविक लागत 75-80 करोड़ रुपये तक है।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने केजरीवाल पर हमला तेज कर दिया है। उन पर 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले में बड़े पैमाने पर किए गए मरम्मत और साजो सामान के काम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। इस बंगले में केजरीवाल अपने मुख्यमंत्री पद के कार्यकाल के दौरान रह रहे थे।
सचदेवा ने आरोप लगाया, "नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने 139 सवाल उठाए हैं और केजरीवाल के काले कारनामों का बहुत बारीकी से ब्योरा दिया है।" उन्होंने आरोप लगाया कि बंगले की मरम्मत का काम दिल्ली शहरी कला आयोग और दिल्ली नगर निगम की अनुमति के बिना किया गया।
उन्होंने पूछा, "एक मुख्यमंत्री ने अनधिकृत तरीके से बंगला बनवाकर दिल्ली को क्या संदेश दिया?" सचदेवा ने कहा कि अगर बंगले की वास्तविक लागत निर्धारित करनी है तो लोक निर्माण और अन्य विभागों के खातों की जांच करनी होगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग ने बंगले के निर्माण के लिए सरकारी एजेंसी के रूप में काम करने के बजाय केजरीवाल को खुश करने के लिए निजी संगठन के रूप में काम किया। इन आरोपों पर आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।
पीएम मोदी ने भी बोला हमला
आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि दिल्ली में इस बार कमल खिलेगा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने भी केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि उन्होंने दिल्ली के सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर ध्यान देने के बजाय 'शीश महल' बनवाया।
उन्होंने कहा, "बीते 10 साल में दिल्ली ने जिस तरह की राज्य सरकार देखी है, वो किसी 'आप-दा' से कम नहीं है। यह एहसास आज दिल्ली वालों को अच्छे से हो चुका है, इसलिए अब दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है, 'आप-दा' नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे। अब दिल्ली विकास की धारा चाहती है और मुझे खुशी है कि दिल्ली का विश्वास बीजेपी पर है। बीजेपी पर ये विश्वास इसलिए है, क्योंकि भाजपा सुशासन लाने वाली पार्टी है। BJP सेवा भाव से काम करने वाली पार्टी है। बीजेपी सपनों को पूरा करने वाली पार्टी है।"