दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान आज (7 जनवरी 2025) किया जाएगा। चुनाव आयोग की ओर से मंगलवार को दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। आयोग की ओर से दिल्ली विधानसभा के आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी। चुनाव आयोग की ओर से विज्ञान भवन में केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव के शेड्यूल की घोषणा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। दिल्ली में एक ही चरण में चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव आयोग की योजना के मुताबिक, फरवरी के दूसरे हफ्ते में वोटिंग होने के आसार हैं।
दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें है। विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। इससे पहले साल 2020 में चुनाव हुए थे। उस दौरान चुनाव की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी। 8 फरवरी को वोटिंग हुई थी। 11 फरवरी 2020 को नतीजे घोषित कर दिए गए थे।
चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर
ECI ने सोमवार 6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी की थी। इस लिस्ट में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इनमें से 84 लाख 49 हजार 645 पुरुष मतदाता हैं। जबकि 71 लाख 73 हजार 952 महिला मतदाता हैं। चुनाव आयोग की घोषणा के बाद दिल्ली में आचार संहिता लागू हो जाएगी। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की नजर हैट्रिक पर टिकी हुई है। उसने साल 2015 और 2020 के चुनावों में 67 और 62 सीटों के साथ जीत हासिल की है। वहीं, बीजेपी पिछले दो विधानसभाओं में 10 सीटें भी नहीं जीत पाई थी।
दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला
दिल्ली में मुकाबला त्रिकोणीय है। आप, बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आप साथ में लड़े थे, लेकिन विधानसभा चुनाव दोनों ने अलग-अलग लड़ने का ऐलान किया है।
केजरीवाल नई दिल्ली से लड़ेंगे चुनाव
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल इस बार भी नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस बार उनकी टक्कर कांग्रेस के संदीप दीक्षित और बीजेपी के प्रवेश वर्मा से है। केजरीवाल ने हमेशा इस सीट से चुनाव लड़ा है और यहां उनकी मजबूत पकड़ रही है। नई दिल्ली सीट को वीआईपी सीट माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी ने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा है। जिससे मुकाबला और भी रोचक हो गया है। वहीं दिल्ली की सीएम आतिशी कालकाजी सीट से चुनावी मैदान में ताल ठोक रही हैं। उनका सामना कांग्रेस की अलका लांबा और बीजेपी के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी से होगा।