'हरदीप सिंह पुरी को गिरफ्तार करें...': रोहिंग्या के मुद्दे पर केजरीवाल का केंद्रीय मंत्री पर बड़ा हमला
Delhi Election 2025: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि झूठ की धूप से तो बर्फ भी नहीं पिघलती, सच तो फिर भी चट्टान की तरह होता है। पुरी ने कहा कि सच्चाई यह है कि आज तक कहीं भी किसी भी रोहिंग्या को कोई भी EWS फ्लैट नहीं दिया गया है। रोहिंग्या किस पार्टी के वोटर हो सकते हैं यह पूरे देश को पता है
Delhi Election 2025: अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि मैं हरदीप सिंह पुरी को गिरफ्तार करने का अनुरोध करता हूं
Delhi Election 2025: रोहिंग्याओं के मुद्दे पर फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदम पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच विवाद छिड़ गया है। AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में रोहिंग्याओं को बसाने को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को गिरफ्तार करने की मांग की है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सोमवार (30 दिसंबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में आवास मंत्री रहे पुरी ने राष्ट्रीय राजधानी में रोहिंग्या शरणार्थियों को कहां बसाया इस बारे में सारे आंकड़े उजागर कर दिए हैं। इसके साथ ही केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस ने हरदीप सिंह पुरी को गिरफ्तार करने का अनुरोध किया।
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं उनसे (दिल्ली पुलिस से) हरदीप सिंह पुरी को गिरफ्तार करने का अनुरोध करता हूं। उनके पास रोहिंग्याओं को कहां और कैसे बसाया, इसका सारा डेटा है। उन्होंने ट्वीट (X) कर जानकारी दी। हरदीप सिंह पुरी और अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) के पास रोहिंग्याओं को कैसे और कहां बसाया, इसका सारा डेटा है।"
एक दिन पहले रविवार को AAP ने BJP पर राजधानी में रोहिंग्या शरणार्थियों को बसाने का आरोप लगाया। पुरी ने AAP के हमले का जवाब देते हुए कहा कि रोहिंग्याओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए जाने चाहिए क्योंकि शरणार्थियों को दिल्ली सरकार ने केजरीवाल की पार्टी के पक्ष में बसाया है।
केंद्रीय मंत्री का पलटवार
केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को X पर लिखा, "झूठ की धूप से तो बर्फ भी नहीं पिघलती, सच तो फिर भी चट्टान की तरह होता है! एक ही झूठ को बार-बार फैलाने से वह सच में तो बदलेगा नहीं...हां आपके झूठे होने का बार बार प्रमाण जरूर देगा। सच्चाई यह है कि आज तक कहीं भी किसी भी रोहिंग्या को कोई भी EWS फ्लैट नहीं दिया गया है। केजरीवाल जी के विधायक ने उन्हें दिल्ली में बसाकर, उन्हें मुफ्त राशन, पानी और बिजली के साथ हर एक को 10,000 रुपये देकर उनका वोटर कार्ड बनवाया है। क्योंकि रोहिंग्या किस पार्टी के वोटर हो सकते हैं यह पूरे देश को पता है।"
हरदीप सिंह पुरी ने अपने पोस्ट में केजरीवाल पर हमला बोलते हुए आगे लिखा, "इनकी तो फितरत ऐसी है कि जी ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको केजरीवाल ने ठगा नहीं। केजरीवाल जी का रोहिंग्या को बार-बार सपोर्ट करना देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने जैसा है! जिस ट्वीट को आधार बनाकर ये झूठ फैला रहे हैं, उसका स्पष्टीकरण उसी दिन महज कुछ घंटे बाद गृह मंत्रालय एवं मेरे द्वारा दे दिया गया था! यह पब्लिक डोमेन में है, फिर भी झूठ फैलाना बेशर्मी जैसा है! यह निम्नस्तर की राजनीति की पराकाष्ठा है! शर्म करिए, झूठ बोलने से बाज आइए!"
झूठ की धूप से तो बर्फ भी नहीं पिघलती, सच तो फिर भी चट्टान की तरह होता है!
एक ही झूठ को बार-बार फैलाने से वह सच में तो बदलेगा नहीं...हाँ आपके झूठे होने का बार बार प्रमाण जरूर देगा। सच्चाई यह है कि आज तक कहीं भी किसी भी रोहिंग्या को कोई भी EWS फ्लैट नहीं दिया गया है। केजरीवाल जी… https://t.co/KpTLTO4gzy — Hardeep Singh Puri (@HardeepSPuri) December 30, 2024
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के चुनाव परिणाम हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे ही होंगे, जहां बीजेपी विजयी हुई। दूसरी तरफ दिल्ली मुख्यमंत्री आतिशी, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत AAP के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा X पर 2022 की एक पोस्ट को 'सबूत' बताया।
AAP नेताओं ने दावा किया कि दिल्ली के बक्करवाला इलाके में EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) फ्लैटों में रोहिंग्या मुसलमानों को घर देने में BJP की संलिप्तता है। बीजेपी ने आरोपों को लेकर AAP पर पलटवार किया।
दिल्ली पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जब से उनकी पार्टी ने अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या मुसलमानों और बांग्लादेशियों को मताधिकार से वंचित करने और उन्हें देश से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया है। तब से केजरीवाल और आप के अन्य नेता लोगों का ध्यान भटकाने के लिए निराधार बयानबाजी का सहारा ले रहे हैं।
रोहिंग्या को लेकर BJP का AAP पर आरोप
वहीं, भारतीय जनता पार्टी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने अरविंद केजरीवाल पर रोहिंग्या और बंगलादेशी घुसपैठियों को शय देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि ये सब कुछ केजरीवाल सियासी फायदे के लिए कर रहे हैं। सिरसा ने वीडियो संदेश जारी कर दिल्ली के पूर्व सीएम पर कई आरोप लगाए।
उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह सवाल उठा रहे हैं कि क्यों बंगलादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की वोट काटे जा रहे हैं। हम डंके की चोट पर कहते हैं कि आपने दिल्ली में रोहिंग्या और बंगलादेशी घुसपैठियों से अपना वोट बनाया है। हर विधानसभा में इनके पास आठ-दस हजार वोट हैं, और एक हिंदू परिवार के घर में दो या पांच लोग रहते हैं, लेकिन उनके नाम पर पचास-पचास वोट बन रखे हैं।"
उन्होने आगे कहा, "हम यह साफ कर देना चाहते हैं कि हम किसी भी घुसपैठिए का वोट दिल्ली में नहीं डालने देंगे। आपकी जीत का कारण यही था कि आपने इन घुसपैठियों को दिल्ली में बसाया, उन्हें पैसे, राशन और मुफ्त पानी दिया। दिल्ली के लोग इसकी सजा भुगत रहे हैं और अब जब इसे लेकर सवाल उठ रहा है, तो आपको तकलीफ हो रही है। हम साफ तौर पर कहते हैं कि इन घुसपैठियों की वोट बिल्कुल कटवाएंगे और दिल्ली में इनका कोई वोट नहीं रहने देंगे।"