'अपने गाल के बारे में कुछ नहीं कहा' BJP नेता रमेश बिधूड़ी के बयान पर प्रियंका गांधी का तंज

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार बिधूड़ी ने पिछले दिनों कहा था कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेता ‘प्रियंका गांधी के गालों’ जैसी सड़कें बनवाएंगे। विवाद खड़ा होने के बाद बिधूड़ी ने टिप्पणी को लेकर खेद जताया था

अपडेटेड Jan 08, 2025 पर 8:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी की ओर से उनके बारे में की गई टिप्पणी को ‘‘हास्यास्पद’’ करार दिया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी की ओर से उनके बारे में की गई टिप्पणी को ‘‘हास्यास्पद’’ करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान ऐसे अप्रासंगिक विषयों के बजाय महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। वायनाड से लोकसभा सदस्य ने एक साथ चुनाव संबंधी विधेयकों पर विचार कर रही संसदीय समिति की बैठक से बाहर निकलते समय संवाददाताओं से बातचीत में कटाक्ष किया, ‘‘उन्होंने (बिधूड़ी) अपने गाल के बारे में कुछ नहीं कहा।’’

उन्होंने कहा, यह एक ‘हास्यास्पद टिप्पणी’ है और 'यह सब अप्रासंगिक है।' प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘दिल्ली में चुनाव हो रहे हैं। महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।’’


कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार बिधूड़ी ने पिछले दिनों कहा था कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेता ‘प्रियंका गांधी के गालों’ जैसी सड़कें बनवाएंगे। विवाद खड़ा होने के बाद बिधूड़ी ने टिप्पणी को लेकर खेद जताया था।

बिधूड़ी ने कहा था, "हम कालकाजी की सभी सड़कें प्रियंका गांधी के गालों की तरह बनाएंगे। लालू ने कहा था कि वह बिहार में हेमा मालिनी के गालों की तरह सड़कें बनाएंगे, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। लेकिन मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम कालकाजी की सभी सड़कें प्रियंका गांधी के गालों की तरह बनाएंगे।"

बिधूड़ी ने बाद में अपनी टिप्पणी पर खेद जताया, जिसकी कांग्रेस सहित विभिन्न वर्गों ने आलोचना की।

Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव में केजरीवाल को मिला अखिलेश-ममता का साथ, अलग-थलग पड़ी कांग्रेस!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।