Get App

Haryana Election 2024: हरियाणा में ‘लालों के लाल चुनाव मैदान में’, कुछ अपने ही सगों के खिलाफ उतरे

Haryana Assembly Polls: अगले महीने होने जा रहे इस चुनाव के लिए, इन प्रमुख राजनीतिक परिवारों के कई सदस्यों को कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (BJP), इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) और जननायक जनता पार्टी (JJP) ने उम्मीदवार बनाया है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 09, 2024 पर 7:03 PM
Haryana Election 2024: हरियाणा में ‘लालों के लाल चुनाव मैदान में’, कुछ अपने ही सगों के खिलाफ उतरे
Haryana Election 2024: हरियाणा में ‘लालों के लाल चुनाव मैदान में’

हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में, राज्य के तीन मशहूर ‘लाल’ के कई सगे-संबंधी भी मैदान में उतरे हैं और उनमें से कुछ के एक दूसरे के खिलाफ उतरने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। हरियाणा को 1966 में अलग राज्य बनाए जाने के बाद से इसकी राजनीति तीन मशहूर ‘लाल’ के इर्द-गिर्द घूमती रही है -- देवीलाल, जिन्हें ‘‘ताऊ’’ देवीलाल के नाम से जाना जाता है, भजनलाल और बंसीलाल। ये सभी राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। देवीलाल, देश के उप प्रधानमंत्री भी रहे थे।

अगले महीने होने जा रहे इस चुनाव के लिए, इन प्रमुख राजनीतिक परिवारों के कई सदस्यों को कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (BJP), इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) और जननायक जनता पार्टी (JJP) ने उम्मीदवार बनाया है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

भिवानी जिले में तोशाम विधानसभा सीट पर, दिवंगत बंसीलाल के दो पोतों के बीच मुकाबला होने वाला है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी बंसीलाल के पोते हैं और उनका मुकाबला अपनी चचेरी बहन और पूर्व सांसद श्रुति चौधरी से है, जो भाजपा उम्मीदवार हैं।

श्रुति, BJP नेता किरण चौधरी और बंसीलाल के दिवंगत बेटे सुरेंद्र सिंह की बेटी हैं। वहीं, अनिरुद्ध रणबीर सिंह महेंद्र के बेटे हैं। BCCI के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र, और सुरेंद्र भाई थे।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें