Haryana Election: हरियाणा में कब है चुनाव, कैसे हैं राजनीतिक समीकरण? वो अहम सवाल, जिनके जवाब जानना है आपके लिए जरूरी

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा को लेकर कुछ एक बुनियादी सवालों को जवाब जानना आप सभी के लिए काफी अहम हो जाता है, ताकि आप समझ सकें कि आखिर जाटलैंड में होना वाला चुनाव इतना होट क्यों है और यहां के राजनीतिक समीकरण कैसे हैं

अपडेटेड Sep 12, 2024 पर 1:27 PM
Story continues below Advertisement
Haryana Election: हरियाणा में कब है चुनाव, कैसे हैं राजनीतिक समीकरण?

जैसे-जैसे चुनाव का दिन नजदीक आता जा रहा है, हरियाणा का राजनीतिक माहौल अपने चरम पहुंचता जा रहा है। बीजेपी, कांग्रेस और AAP जैसे राष्ट्रीय दलों के अलावा, JJP और INLD जैसे स्थानीय दल भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इन सब से अलग निर्दलीय भी कहीं न कहीं अपना एक अलग दम रखते हैं। फिर भी हरियाणा में सीधी टक्कर तो बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही है।

ऐसे कुछ एक बुनियादी सवालों को जवाब जानना आप सभी के लिए काफी अहम हो जाता है, ताकि आप समझ सकें कि आखिर जाटलैंड में होना वाला चुनाव इतना होट क्यों है और यहां के राजनीतिक समीकरण कैसे हैं।

सवाल- हरियाणा विधानसभा में कितनी सीट हैं?


हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सीट हैं, पिछले परिसीमन के अनुसार, 2008 में, 17 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति (SC) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।

सवाल- हरियाणा विधानसभा चुनाव कब होंगे?

हरियाणा में चुनाव 5 अक्टूबर को एक ही चरण में होंगे। नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

सवाल- कैसे रहे 2019 हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे?

2019 में, हरियाणा में त्रिशंकु विधानसभा देखी गई और बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। पार्टी ने राज्य की 90 में से 40 सीटें जीतीं। इसके बाद कांग्रेस 31 सीटों पर और दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी 10 सीटों पर रही।

सवाल- हरियाणा में किसने बनाई सरकार?

जैसा कि नतीजों से साफ है कि किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। ऐसे में बीजेपी और JJP ने गठबंधन कर सरकार बनाई, जिसमें मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने और JJP नेता दुष्यंत चौटाला उप-मुख्यमंत्री।

सवाल- क्या इस चुनाव में भी BJP और JJP हैं साथ?

इस सवाल का जवाब है, नहीं...क्योंकि मार्च 2024 में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने मंत्रिमंडल के साथ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेयार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इन अटकलों के बीच कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे पर मतभेद है, BJP-JJP गठबंधन टूट गया था।

90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में BJP के 41 विधायक थे, उसे 5 निर्दलीय विधायकों और HLP विधायक गोपाल कांडा का भी समर्थन हासिल था, जिससे बीजेपी ने फिर से सरकार बनाई और इस बार नायब सिंह सैनी को सत्ता की कमान सौंपी गई।

सवाल- हरियाणा चुनाव में इस बार किसका किससे गठबंधन?

जैसा कि बीजेपी और जेजेपी का साथ तो लोकसभा चुनाव से पहले छूट गया था, लेकिन दुष्यंत चौटाला ने इन विधानसभा चुनाव के लिए अपना नया साथी ढूंढ लिया है और वो हैं UP के नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद। JJP इस बार चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर चुकी है।

वहीं जिस इंडियन नेशनल लोकदल से अलग होकर, JJP बनी थी, उसने मायावती की बहुजन समाज पार्टी से हाथ मिला लिया है। इसके अलावा लोकसभा चुनाव में एकजुट दिखा विपक्षी का INDIA गठबंधन हरियाणा में नहीं है, इसलिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी अब अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। बीजेपी भी अकेले ही मैदान में उतर रही है।

Haryana Assembly Election 2024

Shubham Sharma

Shubham Sharma

First Published: Sep 12, 2024 1:01 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।