Credit Cards

Nayab Singh Saini: नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार संभाली हरियाणा की कमान, अनिल विज समेत 13 मंत्रियों ने ली शपथ, पीएम मोदी समेत दिग्गज रहे मौजूद

Nayab Singh Saini Swearing-in Ceremony: नायब सिंह सैनी ने गुरुवार (17 अक्टूबर) को दूसरी बार हरियाणा की कमान संभाल ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के अन्य नेता भी शामिल थे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

अपडेटेड Oct 17, 2024 पर 2:03 PM
Story continues below Advertisement
Nayab Singh Saini Swearing-in Ceremony: नायब सिंह सैनी दूसरी बार हरियाणा की कमान संभाल लिए हैं

Haryana CM Nayab Singh Saini Oath Ceremony: नायब सिंह सैनी ने गुरुवार (17 अक्टूबर) को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ले ली। पंचकूला में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के अन्य नेता भी शामिल थे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सैनी लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने हैं। इस दौरान सैनी के मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बीजपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्री मौजूद थे।

अनिल विज सहित इन मंत्रियों ने ली शपथ


सीएम सैनी के साथ सीनियर बीजेपी नेता अनिल विज ने मंत्री पद की शपथ ली। अनिल विज मनोहर लाल सरकार में गृह मंत्री थे। इसके अलावा कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी, श्रुति चौधरी, आरती सिंह राव, राजेश नागर (स्वतंत्र प्रभार) और गौरव गौतम (स्वतंत्र प्रभार) ने मंत्री पद की शपथ ली। हरियाणा में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पंचकूला में हुए शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बीजेपी की नई सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तीव्र गति से आगे ले जाने की दिशा में काम करेगी। सैनी ने विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों में विश्वास दिखाया है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बीजेपी के संकल्प पत्र को पूरी तरह लागू किया जाएगा। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं, कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की। मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी राज्य विधानसभा चुनावों में बीजेपी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा थे।

54 वर्षीय सैनी ने बुधवार (16 अक्टूबर) को दत्तात्रेय से मुलाकात की थी। उन्होंने पंचकूला में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के साथ-साथ सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

ये भी पढ़ें- Hilal Akbar Lone: नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक हिलाल अकबर के खिलाफ जांच के आदेश, राष्ट्रगान के दौरान नहीं हुए थे खड़ा

बीजेपी ने हरियाणा में रचा इतिहास

भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा के चुनावी महाभारत में सत्ता विरोधी लहर को लेकर राजनीतिक पंडितों के अनुमानों को धत्ता बताते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। पिछले विधानसभा में राज्य में गठबंधन की सरकार चलाने वाली बीजेपी ने इस बार 90 सदस्यीय विधानसभा में अकेले 48 सीटों पर स्पष्ट बहुमत हासिल करके 10 साल बाद सत्ता में वापसी के मुख्य विपक्षी कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कांटे के सीधे मुकाबले में भगवा पार्टी कांग्रेस पर भारी पड़ी और कांग्रेस 37 सीटों तक ही पहुंच पाई है। वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 40 और कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।