मध्य प्रदेश: विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज कैबिनेट का हो सकता है विस्तार, तीन से चार नए चेहरों को शामिल किए जाने की उम्मीद

BJP नेता ने कहा कि चौहान मंत्रिमंडल में तीन-चार नए सदस्यों को शामिल किए जाने की संभावना है। चौहान का वर्तमान कार्यकाल मार्च 2020 में शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल (एक ब्राह्मण नेता व विंध्य क्षेत्र के रीवा से विधायक) और गौरीशंकर बिसेन (महाकौशल क्षेत्र के बालाघाट से विधायक और मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष) के नाम लगभग तय हैं

अपडेटेड Aug 24, 2023 पर 9:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मध्य प्रदेश: विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज कैबिनेट का हो सकता है विस्तार

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election) से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Chouhan) के जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार (Cabinet Expansion) किए जाने की उम्मीद है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को ये बात कही। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव इसी साल के आखिर में होने हैं। BJP नेता ने कहा कि चौहान मंत्रिमंडल में तीन-चार नए सदस्यों को शामिल किए जाने की संभावना है। चौहान का वर्तमान कार्यकाल मार्च 2020 में शुरू हुआ था।

उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल (एक ब्राह्मण नेता व विंध्य क्षेत्र के रीवा से विधायक) और गौरीशंकर बिसेन (महाकौशल क्षेत्र के बालाघाट से विधायक और मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष) के नाम लगभग तय हैं।

BJP नेता ने कहा कि राहुल सिंह लोधी और मप्र के पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल को शामिल करने पर चौहान और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच विचार-विमर्श चल रहा है। दोनों अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से हैं। राज्य की आबादी का 45 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा OBC कैटेगरी में आता है।


बुंदेलखंड क्षेत्र में टीकमगढ़ जिले के खरगापुर से पहली बार विधायक बने लोधी BJP की नेता व पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे हैं। जबकि महाकोशल क्षेत्र के नरसिंहपुर से विधायक जालम सिंह केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के छोटे भाई हैं।

MP Election: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने खोला वादों का पिटारा, सरकार बनने पर 500 रुपये में मिलेगा गैस सिलेंडर और 100 यूनिट बिजली फ्री

वर्तमान में, राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 31 सदस्य हैं। संवैधानिक मानदंडों के अनुसार, ये संख्या 35 तक जा सकती है, जो कि 230 सदस्यों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा का 15 प्रतिशत है। मंत्रिपरिषद का आखिरी बार विस्तार जनवरी 2021 में हुआ था।

इस बीच, शुक्ला और बिसेन भोपाल पहुंच गए हैं। न्यूज एजेंसी PTI के संपर्क करने पर, शुक्ला ने संभावित कैबिनेट विस्तार पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

राजभवन के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को PTI को बताया कि राज्य सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह के संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं भेजी है।

पार्टी के आंतरिक सूत्रों ने कहा कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर को मात देने, जातिगत समीकरणों को संतुलित करने और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व की सिफारिश पर मंत्रिमंडली में विस्तार किया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।