MP Election: देश के सबसे बड़े राजनीतिक सूबों में से एक मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य में चुनावी माहौल की सरगर्मी बढ़ने लगी है। अब देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस एमपी में ऐक्शन मोड में नजर आती दिख रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य की जनता के लिए वादों का पिटारा खोल दिया है। मंगलवार 22 अगस्त को राज्य के सागर जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने जनता से सस्ते सिलेंडर, पुरानी पेंशन योजना और बिजली के बिल को माफ करने का वादा किया। इसके अलावा उन्होंने राज्य के किसानों को कर्ज से छुटकारा दिलाने का भी भरोसा दिलाया।
कांग्रेस ने MP की जनता के लिए खोला वादों का पिटारा
मंगलवार 22 अगस्त को राज्य के सागर जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं वादा करता हूं कि जब कांग्रेस सत्ता में आएगी तो किसानों को कर्ज से मुक्ति मिलेगी। LPG गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह मिलेंगे। सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ होगा। हम राज्य में जाति जनगणना भी कराएंगे। अब हमारी कार्यसमिति में पिछड़े वर्ग के 6 लोग हैं।
अपने भाषण में मल्लिकार्जुन ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई कमलनाथ जी उसके मुख्यमंत्री बने। हमारी सरकार आई तो किसान कर्ज मुक्त होंगे। LPG गैस सिंलेडर केवल 500 रुपये में मिलेगा। महिलाओं को 1,500 हर महीने मिलेगा। महिलाओं को खुश होना चाहिए। हम ये पैसा देने का वादा कर रहे हैं। हमारे पास और पैसा आ गया आगे तो हम और पैसा देंगे। 100 यूनिट बिजली माफ होगी। ओल्ड पेंशन लागू होगी। ये हम आपके लिए करेंगे। अध्यक्ष होने के नाते मैं आपसे वादा करता हूं कि सरकर बनने पर हम जातिगत जनगड़ना कराएंगे। इससे यह मालूम होगा कि कौन कौन से तबके के लोग गरीब हैं, पिछड़े हैं, अशिक्षित हैं इससे ये सब बाहर आएंगे। हमने अपनी वर्किंग कमेटी में पिछड़े और शेड्यूल कास्ट के लोगों को जगह दी है।