MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश की दो मुख्य पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। दोनों ही पार्टियों की ओर से अपने-अपने उम्मीदवारों ऐलान किया जा रहा है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें मध्य प्रदेश की पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। कांग्रेस ने बुधनी से सूबे के सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने विक्रम मस्ताल को टिकट दिया है। मस्ताल साल 2008 में रामायण में हनुमान की भूमिका निभा चुके हैं।
मस्ताल बुधनी के सलकनपुर के किसान परिवार से संबंध रखते हैं। कांग्रेस ने इन्हें नर्मदा सेना संगठन की जिम्मेदारी भी दी है। 15 अक्टूबर को कांग्रेस के उम्मीदवारों की पहली सूची आते ही बीजेपी उस पर हमलावर हो गई है। बीजेपी ने कांग्रेस पर एक बार फिर परिवारवाद का आरोप लगाया है। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को वोटिंग होगी।
जानिए कौन हैं विक्रम मस्ताल
विक्रम मस्ताल कुछ समय पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विक्रम मस्ताल सदस्यता दिलाई थी। कांग्रेस ने मस्ताल को विधानसभा का टिकट भी दे दिया है। मस्ताल जब से कांग्रेस में शामिल हुए थे तभी से राजनीति उनकी सक्रियता बढ़ गई थी। गांव से स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद विक्रम मस्ताल ने होशंगाबाद के नर्मदा महाविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई करने के बाद विक्रम मस्ताल ने अभिनय में हाथ आजमाया। फिर टीवी धारावाहिकों के साथ ही वेब सीरीज में अपनी अदायगी का जलवा दिखाया। विक्रम मस्ताल ने सीरियल रामायण, रजिया सुल्तान समेत आश्रम 3 जैसी सुपरहिट वेब सीरीज में भी काम कर चुके हैं। रामायण में उन्होंने हनुमान का किरदार निभाया था। जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने पूर्व सीएम कमल नाथ को उनके छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा। वहीं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह को राघीघाट सीट से मैदान में उतारा गया है। वह पिछली बार कमल नाथ सरकार में मंत्री थे।
सारंग से लड़ेंगे मनोज शुक्ला
बीजेपी ने मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग को नरेला सीट से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी इस सीट पर मनोज शुक्ला को उतारकर चुनावी तापमान बढ़ा दिया है। मौजूदा समय में यह सीट मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के पास है। उन्होंने साल 2008, साल 2013 और 2018 में भोपाल जिले के नरेला से जीत हासिल की। बीजेपी नेता ने नरेला से 2018 का चुनाव 23,100 से अधिक मतों के अंतर से जीता था।