MP Election 2023: कांग्रेस (Congresss) ने बुधवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक की, जिसमें वरिष्ठ नेताओं और समिति के सदस्यों ने आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election) के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। इधर राजधानी में पार्टी की मीटिंग खत्म हुई, उधर देर रात सोशल मीडिया पर एक लिस्ट वायरल होने लगी, जिसे कांग्रेस की पहली लिस्ट बताया गया। इस लिस्ट में 55 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम दिए गए। वायरल लिस्ट पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर और मुहर भी थी।
जाहिर है पार्टी की पहली लिस्ट आई हो और राज्य में नेताओं के बीच अफरा-तफरी न मचे, ऐसा तो हो नहीं सकता। लेकिन ये हंगामा कुछ ही देर का था, क्योंकि कांग्रेस ने खुद बयान जारी कर इस लिस्ट को 'फर्जी' करार दिया।
फर्जी लिस्ट में थीं ये सीट और उम्मीदवार
इस फर्जी लिस्ट में इंदौर 1 से संजय शुक्ला, इंदौर 2 से चिंटू चौकसे, इंदौर 3 से अरविंद बागड़ी, इंदौर 4 से राजा मंगवानी, इंदौर 5 से स्वप्निल भंडारी, राऊ से जीतू पटवारी, महूं से अंतर सिंह दरबार और देपालपुर से विशाल पटेल का नाम था।
इतना ही नहीं इस लिस्ट में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर को मुरैना से उम्मीदवार बनाया गया। इसके अलावा बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए अवधेश नायक को दतिया और कोलारस के मौजूदा बीजेपी विधायक वीरेंद्र रघुवंशी को कांग्रेस का उम्मीदवार बताया गया।
लिस्ट की खबर आने के बाद कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बयान जारी कर लिस्ट को फर्जी बताया। इसके साथ ही उन्होंने इस तरह की झूठी लिस्ट वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी।
दरअसल कांग्रेस सांसद और मध्य प्रदेश के AICC प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने इस साल के आखिर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले मंगलवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक की। बैठक के बाद सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने औपचारिक रूप से 'लोकतांत्रिक प्रक्रिया शुरू' कर दी है।
सुरजेवाला ने बैठक के बाद मीडिया से कहा, ''आज हमने औपचारिक रूप से लोकतांत्रिक प्रक्रिया शुरू की और कई तरह की चर्चाएं हुईं...यह एक सतत प्रक्रिया है। ये एक या दो दिन में खत्म नहीं होगी।" उम्मीदवारों की घोषणा पर सुरजेवाला ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ही इस पर अंतिम फैसला लेगी।
वहीं मध्य प्रदेश PCC प्रमुख कमल नाथ ने बैठक के बाद मीडिया से कहा, 100 सीटों पर चर्चा हुई लेकिन, अभी तक कोई नाम तय नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, "हमने 100 सीटों पर चर्चा की और कल फिर से विचार-विमर्श करेंगे। अभी तक कोई नाम फाइनल नहीं हुआ है।" दोनों नेताओं के इन बयानों के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर ये फर्जी लिस्ट वायरल होने लगी थी।