MP Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार को विपक्ष के INDIA गठबंधन को 'घमंडिया गठबंधन' (Ghamandia Gathbandhan) कहते हुए, जमकर जुबानी हमला बोला। साथ ही विपक्षी खेमे पर उस 'सनातन धर्म (Sanatan Dharma) की परंपराओं को खत्म' करने का आरोप लगाया, जिसके जरिए स्वामी विवेकानंद ने अपनी शिक्षाएं दीं। मोदी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिए गए विवादित बयान पर पूरे विपक्ष को घेरने की कोशिश की।
उदयनिधि के बयान पर पलटवार करते हुए PM मोदी ने कहा, "सभी को सतर्क रहना चाहिए। सनातन को खत्म कर ये लोग हमें हजारों साल पीछे धकेलना चाहते हैं।"
मोदी ने कहा, "इस INDI ALLIANCE के लोग उस 'सनातन धर्म' को मिटाना चाहते हैं, जिसने स्वामी विवेकानन्द और लोकमान्य तिलक को प्रेरणा दी...ये INDI ALLIANCE 'सनातन धर्म' को नष्ट करना चाहते हैं। आज उन्होंने सनातन को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, कल वे हम पर हमले बढ़ा देंगे। देश भर के सभी 'सनातनियों' और हमारे देश से प्यार करने वाले लोगों को सतर्क रहना होगा। हमें ऐसे लोगों को रोकना होगा..."
'इनकी रणनीति भारत की संस्कृति पर हमला करना'
विपक्ष गठबंधन को 'घमंडिया' बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे दल भी हैं, जो देश को, समाज को विभाजित करने में जुटे हैं। इन्होंने मिलकर एक INDI ALLIANCE (गठबंधन) बनाया है। इसको कुछ लोग 'घमंडिया गठबंधन' भी कहते हैं।
मध्य प्रदेश के बीना में मोदी ने कहा, "इनका नेता तय नहीं है, नेतृत्व पर भ्रम है, लेकिन मुंबई में बैठक में इन्होंने अपनी नीति और रणनीति बना ली है... इनकी नीति-रणनीति भारत की संस्कृति पर हमला करने की है। INDI गठबंधन की रणनीति भारत की आस्था पर हमला करने की नीति है। INDI गठबंधन की नीयत है कि भारत को जिस विचारों, संस्कारों, परंपराओं ने हजारों वर्ष से जोड़ा है, उसे तबाह कर दो।"
इसके बाद कांग्रेस पर सीधा हमले बोलते हुए मोदी ने कहा, "हमने मध्य प्रदेश को भय से मुक्ति दिलाई, कानून व्यवस्था को कायम किया। लोगों को ध्यान होगा कि कैसे कांग्रेस ने बुंदेलखंड को पानी के लिए तरसा रखा था। आज की सरकार में हर घर तक सड़क, बिजली पहुंच रही है... आज बड़े-बड़े निवेशक मध्य प्रदेश आना चाहते हैं, नई-नई फैक्ट्री लगाना चाहते हैं। अगले कुछ सालों में मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास की नई ऊंचाईयां छूने जा रहा है।"
दरअसल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने हाल ही में अपने बयानों से राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया था। उन्होंने कहा था, 'सनातन धर्म' सामाजिक न्याय के खिलाफ है और इसलिए इसे "खत्म" किया जाना चाहिए।
मलेरिया, डेंगू और कोरोना जैसै घातक वायरस से सनातन धर्म की तुलना करते हुए स्टालिन ने कहा, "सनातन धर्म का सिर्फ विरोध नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे खत्म किया जाना चाहिए।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के बीना में एक कार्यक्रम के दौरान 50,800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन प्रोजेक्ट में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) की बीना रिफाइनरी में 49,000 करोड़ रुपए की लागत से एक पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स और राज्य भर में 1,800 करोड़ रुपए के 10 नए इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट शामिल हैं। मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।