MP Election 2023: मध्य प्रदेश चुनाव में पाकिस्तान की एंट्री! इमरान खान की पार्टी का गाना चोरी करने का आरोप, BJP कांग्रेस आमने-सामने
MP Election 2023: सत्तारूढ़ BJP ने दावा किया कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में अपने आगामी 'जन आक्रोश यात्रा' अभियान के लिए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सॉन्ग "चुराया" है। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए दावा किया कि पाकिस्तानी पार्टी के गाने की नकल हरियाणा की BJP सरकार में उप-मुख्यमंत्री रहे दुष्यंत चौटाला ने की थी और इसी तरह राजस्थान में भी चुनाव प्रचार के लिए नकल की गई थी
MoneyControl News
अपडेटेड Sep 18, 2023 पर 9:14 PM
MP Election 2023: मध्य प्रदेश चुनाव में पाकिस्तान की एंट्री! BJP कांग्रेस आमने-सामने
MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election) से ठीक पहले पाकिस्तान (Pakistan) की एंट्री भी हो ही गई। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी आज मध्य प्रदेश में BJP और कांग्रेस (Congress) के बीच बहस के केंद्र में रही। क्योंकि दोनों दलों ने एक-दूसरे पर विधानसभा चुनाव के लिए अपने-अपने अभियानों के लिए इमरान खान की पार्टी का थीम सॉन्ग को "चोरी" करने का आरोप लगाया।
सत्तारूढ़ BJP ने दावा किया कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में अपने आगामी 'जन आक्रोश यात्रा' अभियान के लिए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सॉन्ग "चुराया" है।
कांग्रेस ने पलटवार करते हुए दावा किया कि पाकिस्तानी पार्टी के गाने की नकल हरियाणा की BJP सरकार में उप-मुख्यमंत्री रहे दुष्यंत चौटाला ने की थी और इसी तरह राजस्थान में भी चुनाव प्रचार के लिए नकल की गई थी।
कब शुरू हुआ विवाद?
विवाद तब शुरू हुआ, जब मध्य प्रदेश BJP इकाई के सचिव राहुल कोठारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी जन आक्रोश यात्रा के लिए 'चलो चलो कांग्रेस के संग चलो चलो' गाना PTI के "चलो, चलो इमरान के साथ" से चुराया है। उन्होंने कहा कि ये पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सॉन्ग है।
यात्रा 19 सितंबर से मध्य प्रदेश की सात जगहों से निकलने वाली है, जहां इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
राज्य BJP ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर कांग्रेस के चुनाव अभियान गीत के साथ पाकिस्तान की पार्टी के कथित थीम सॉन्ह का वीडियो भी शेयर किया।
कोठारी ने आरोप लगाया कि अब तक कांग्रेस पाकिस्तान के पक्ष में और हिंदुस्तान के खिलाफ नारे लगाने वालों को स्वीकार करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब मध्य प्रदेश कांग्रेस भी पाकिस्तान से गाने उधार ले रही है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह जन आशीर्वाद यात्रा के पोस्टर से गायब हैं, "लेकिन वह बैकग्राउंट म्यूजिक दे रहे हैं"। कोठारी ने कहा, "ये तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है। ये कोई बड़ी बात नहीं होगी अगर कांग्रेस का झंडा जल्द ही पूरी तरह हरा हो जाए।"
वहीं BJP ने X पर पोस्ट किया, "कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर सामने आया। मध्य प्रदेश काग्रेस ने चुनाव में अपने प्रचार गीत के लिए पाकिस्तान के इमरान खान की पार्टी का थीम सॉन्ग चुरा लिया। कांग्रेस की 'चोरी' करने की आदत पुरानी है, लेकिन पाकिस्तान से इतना प्रेम क्यों? कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।"
कांग्रेस का पलटवार
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा, "दुर्भाग्य से, जो लोग पाकिस्तान के दोस्त हैं, वे कांग्रेस के प्रचार गीत पर आपत्ति जता रहे हैं। जिन्होंने चुनावी लाभ लेने के लिए सेना के जवानों को शहीद कराया, उन्होंने एक गीत पर आपत्ति जताई।"
मिश्रा ने कहा कि BJP शायद भूल गई है कि बिना निमंत्रण के पाकिस्तान कौन गया था और किसने अपने शपथ समारोह में पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया था।
MP के गृह मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी जन आक्रोश यात्रा का प्रचार गीत पाकिस्तान से चुराया है।
उन्होंने आरोप लगाया, "कमलनाथ के 'चलो चलो' नारे के कारण (तत्कालीन) कांग्रेस सरकार ने राज्य में अपनी विश्वसनीयता खो दी थी। जनता भी कांग्रेस को विधानसभा चुनावों में 'चलो-चलो' कहने जा रही है।"
दूसरी ओर, नाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने BJP पर राजस्थान और हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान पाकिस्तानी पार्टी का थीम सॉन्ग चुराने का आरोप लगाया।
बबेले ने X पर लिखा, "BJP का एक ही मंत्र है चोरी और सीनाजोरी। पाकिस्तान के इमरान खान का गाना हरियाणा की बीजेपी सरकार के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कॉपी किया है। फिल्म विशेषज्ञ नरोत्तम मिश्रा जी दोनों गाने सुनो और बताओ इतनी पाकिस्तान परस्ती कहां से लाते हो।"
कांग्रेस ने 17 सितंबर को "चलो, चलो..." गाना लॉन्च किया। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और दलितों के खिलाफ अपराध जैसे अलग-अलग मुद्दों को उजागर करने के लिए यात्रा 15 दिनों में मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में 11,400 किलोमीटर की दूरी तय करने की उम्मीद है।
BJP ने "लोगों का आशीर्वाद लेने" के लिए पहले ही 'जन आशीर्वाद यात्रा' शुरू कर दी है। अलग-अलग स्थानों से निकाली जा रही यात्राओं का समापन 25 सितंबर को भोपाल में होगा।