MP Election 2023: मध्य प्रदेश के लिए बीजेपी ने जारी की 92 उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट, 12 महिला पर जताया भरोसा

MP Election 2023: बीजेपी ने शिवपुरी विधानसभा सीट से यशोधरा राजे सिंधिया की जगह देवेंद्र जैन को मैदान में उतारा है। बीती रात को दिल्ली BJP हेडक्वार्टर में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में 94 उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ था। इसी के साथ BJP अब तक कुल 228 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। दो सीटों पर नामों का एलान होना बाकी है

अपडेटेड Oct 21, 2023 पर 5:47 PM
MP Election 2023: मध्य प्रदेश के लिए बीजेपी ने जारी की 92 उम्मीदवारों की लिस्ट

MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election) के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पांचवीं लिस्ट (Fifth List) जारी कर दी है। इस लिस्ट में 92 उम्मीदवारों को के नाम हैं। BJP ने पांचवीं लिस्ट में 12 महिला उम्मीदवारों पर दांव लगाया है। बीजेपी ने शिवपुरी से यशोधरा राजे सिंधिया की जगह देवेंद्र जैन को मैदान में उतारा है। बीती रात को दिल्ली BJP हेडक्वार्टर में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में 94 उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ था।

बीजेपी के लिस्ट के मुताबिक, ग्वालियर पूर्व से माया सिंह, हट्टा से उमा खटीक, रैगांव से प्रतिमा बागरी, चित्रांगी से राधा सिंह, मंडला से संपतिया उईके, बालाघाट से मौसम विसेन, खंडवा से कंचन मुकेश तन्वे, पंधाना से छाया मोरे, नेपानगर से मंजू राजेंद्र दादू, बुरहानपुर से अर्चना चिटनिस, धार से नीना विक्रम वर्मा और डॉ अम्बेडकर नगर-महू से उषा ठाकुर को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

इस लिस्ट के साथ दो चीजें एकदम साफ हो गई हैं। पहला तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर भी सस्पेंस खत्म हो गया है। उन्हें ग्वालियर की किसी भी सीट से उतारने की अटकलें तेज थीं। लेकिन पार्टी ने अपनी पांचवीं लिस्ट में ग्वालियर पूर्व से माया सिंह और ग्वालियर दक्षिण से नारायण सिंह कुशवाह को टिकट दिया है।


दूसरी तरफ से पार्टी माहसचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय का टिकट भी कट गया है। आकाश वर्तमान में इंदौर-3 से विधायक हैं। लेकिन इस बार पार्टी ने उनकी जगह राकेश गोलू शुक्ला पर भरोसा जताया है।

आकाश का टिकट कटने के कयास पहले ही लगाए जा रहे थे, क्योंकि पार्टी इस बार उनके पिता को इंदौर-1 से प्रत्याशी बनाया है और पार्टी अपनी एक परिवार एक टिकट की नीति पर ही चल रही है।

MP Election 2023: शिवराज शासन में बढ़ती महंगाई और धीमी ग्रोथ से जूझ रहा मध्य प्रदेश, लेकिन रोजगार के आंकड़ों में मार रहा बाजी

इसी के साथ BJP अब तक कुल 228 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। दो सीटों पर नामों का एलान होना बाकी है। BJP ने इस बार चुनाव की घोषणा से पहले ही 17 अगस्त को पहली लिस्ट जारी की थी। इसमें 39 नाम थे।

इसके बाद दूसरी लिस्ट में भी पार्टी ने 39 प्रत्याशियों का ऐलान किया था। इसमें तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों को टिकट दिए थे। इस लिस्ट में तीन विधायकों के टिकट काट दिए थे। तीसरी लिस्ट में एक नाम था।

बाद में चुनावों की तारीख घोषित होने के बाद बीजेपी ने चौथी लिस्ट जारी की थी। इसमें BJP ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को टिकट दिए थे। 57 प्रत्याशियों की इस लिस्ट में सभी वर्तमान विधायकों को टिकट दिए गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।