MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election) के लिए कांग्रेस (Congress) की पहली लिस्ट (First List) रविवार 15 अक्टूबर को आ सकती है। पार्टी के एक नेता ने शुक्रवार को ये जानकारी देते हुए कहा कि इस लिस्ट में पार्टी के प्रदेश प्रमुख कमलनाथ (Kamal Nath) समेत करीब 130 उम्मीदवारों नाम हो सकते है। रविवार से शुभ नवरात्रि उत्सव की शुरुआत हो रही है। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, कमल नाथ के करीबी नेता ने कहा कि कांग्रेस की पांच सर्वे के आधार पर दो लिस्ट में सभी 230 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इन सर्वे में से एक राहुल गांधी की ओर से चुनाव रणनीतिकार सुनील कनुगोलू की तरफ से किया गया था, जबकि दूसरा सर्वे नाथ के नेतृत्व में हुआ था।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट के लिए 15 पूर्व विधायकों और लगभग 90 मौजूदा विधायकों के नामों को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि कमल नाथ अपने क्षेत्र छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे।
इससे पहले कमल नाथ ने कहा था कि कांग्रेस पितृ पक्ष के बाद विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम के घोषणा करेगी।
पितृ पक्ष, वो अवधि है, जिसके दौरान हिंदू अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हैं। ये 29 सितंबर को शुरू हुआ और इस साल 14 अक्टूबर को खत्म होगा।
कमल नाथ के करीबी सहयोगी ने बताया कि 103 उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। दो दिन पहले इन नामों को मंजूरी मिल गई थी, लेकिन श्राद्ध के चलते, हमने उनके नाम का ऐलान नहीं किया।
नई दिल्ली में हमारी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक चल रही है, जिसमें हमारे अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके पूर्ववर्ती राहुल गांधी शामिल हुए। एक और कांग्रेस नेता ने दोपहर के आसपास कहा, अब दूसरी लिस्ट के लिए उम्मीदवारों को चुनने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
नेताओं ने कहा कि एमपी चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी दूसरी लिस्ट के लिए जल्द ही बैठक करने वाली है।
कांग्रेस की कट्टर प्रतिद्वंद्वी बीजेपी पहले ही चार लिस्ट के जरिए 136 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
भगवा पार्टी ने चुनाव की तारीख की घोषणा से डेढ़ महीने से ज्यादा समय पहले 17 अगस्त को 39 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की।