MP Election 2023: मध्य प्रदेश (MP) में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला है। BJP का आरोप है कि कथित पर कांग्रेस (Congress) ने राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) की एक तस्वीर शेयर की है, जिसके साथ लिखा गया 'मामा का श्राद्ध' (Mama Ka Shradh)। जबकि विपक्षी दल ने इस बात से इनकार किया है कि उसने ऐसा कोई ट्वीट पोस्ट किया है। श्राद्ध वो दिन होते हैं, जब हिंदू धर्म के लोग अपने 'पितृ पक्ष' यानि अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हैं और उनका अनुष्ठान करते हैं। वर्तमान में ये श्राद्ध वाले दिन ही चल रहे हैं।
शिवराज चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह ने मंगलवार को @Withcongress नाम के एक अकाउंट से की गई कथित पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसमें 'मामा का श्राद्ध' लिख कर, सीएम चौहान की तस्वीर लगाई थी। इसमें आगे लिखा था कि BJP ने श्राद्ध के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए चौहान के टिकट की घोषणा की है।
राज्य में शिवराज सिंह चौहान को प्यार से 'मामा' कहा जाता है।
कार्तिकेय ने पोस्ट पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इसमें उनके जिंदा पिता को श्रद्धांजलि दी गई है। उन्होंने लिखा, "मुझे भी आप लोगों पर दया आती है कि आज कांग्रेसी कितने नीचे गिर गए हैं। क्या आपको लगता है कि भगवान इसके लिए आपको माफ कर देंगे?"
मुख्यमंत्री ने खुद बुधवार को इस पोस्ट के बारे में ट्वीट करते हुए कहा, जो कांग्रेस हमेशा सनातन धर्म को गाली देती है, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है। अगर सत्ता की भूखी कांग्रेस को श्राद्ध ही करना है, तो उसे अपनी कुंठित सोच और बुरे संस्कारों के लिए ये अनुष्ठान करना चाहिए।
उन्होंने कहा, "श्राद्ध हिंदू और दूसरे भारतीय धर्मों में किया जाने वाला एक अनुष्ठान है....जो पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने और उन्हें याद करने के लिए किया जाता है। कांग्रेस पार्टी लगातार धर्म और कर्म को लेकर जो पाप कर रही है, उससे साफ है कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है....कृपया इन कांग्रेसियों को सद्बुद्धि दें।"
'कांग्रेस ने नहीं किया ऐसा कोई पोस्ट'
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमल नाथ ने X पर जवाब देते हुए कहा कि पार्टी ने ऐसा कोई पोस्ट ट्वीट नहीं किया है। उन्होंने कहा, "प्रिय शिवराज जी, भगवान आपको लंबी उम्र दे। मुझे समझ नहीं आता कि आपको हर चीज के पीछे कांग्रेस पार्टी क्यों दिखती है। जैसा कि आपने बताया, कांग्रेस की ओर से ऐसा कोई ट्वीट पोस्ट नहीं किया गया है।"
नाथ ने कहा, चौहान पोस्ट ट्वीट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाना राजनीति का सबसे निचला स्तर है। सहानुभूति हासिल करने के लिए झूठा प्रचार करना नैतिक नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री नाथ ने कहा, "BJP ने ही श्राद्ध के दौरान चौहान को टिकट दिया था, न कि कांग्रेस ने।"
उन्होंने आगे कहा, "आप अच्छी तरह जानते हैं कि आपकी ही पार्टी में आपके निजी दुश्मन हैं और वे आपको नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। दूसरों पर झूठे आरोप लगाने से बेहतर होगा कि आप अपनी पार्टी में अनुशासन स्थापित करें। ईश्वर आपको स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन प्रदान करें।"
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होनी है।