Madhya Pradesh Assembly Election 2023: कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में 3 विधायकों के टिकट कट गए हैं। गुरुवार रात 11:54 बजे मध्य प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से उम्मीदवारों की घोषणा की गई। दरअसल, खुद को 'हनुमान भक्त' बताने वाले मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख कमलनाथ मुहूर्त-नक्षत्रों में उलझ गए हैं। जानकारों का कहना है कि कांग्रेस ने इतनी रात को इसलिए लिस्ट जारी की, क्योंकि यह टाइम शुभ मुहूर्त था। इससे पहले भी कांग्रेस ने नवरात्र के पहले दिन अपनी फर्स्ट लिस्ट जारी की थी। नवरात्रि के पहले पितृ पक्ष चल रहा है। ऐसे में कोई लिस्ट जारी करना शुभ नहीं था।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शुभ दिन का इंतजार करना कांग्रेस की कोई रणनीति हो सकती है। कांग्रेस पर आरोप लग रहे हैं कि वो विधानसभा के चुनावों को देखते हुए हिंदू मतदाताओं को लुभाने के लिए ये सब कुछ कर रही है। मध्य प्रदेश में मतदान 17 नवंबर को है यानी अब चुनाव में केवल एक महीने से भी कम समय बचा है। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी लिस्ट जारी करने के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रही थी।
कांग्रेस हिंदुओं को यह बताना चाहती है कि उनका विश्वास शास्त्रों और नक्षत्रों में है। साथ ही वह धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करते हैं। इसी के साथ यह भी कहा जा रहा है कि नवरात्रि के बीच कांग्रेस महिला वोटर्स को भी साधना चाहती है।
दूसरी लिस्ट की प्रमुख बातें
दूसरी लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम रवींद्र सिंह तोमर का है जो दिमनी विधानसभा सीट पर केंद्रीय कृषि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर को चुनौती देंगे। कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, दतिया से अवधेश नायक के स्थान पर राजेंद्र भारती, पिछोर विधानसभा सीट पर शैलेंद्र सिंह के स्थान पर अरविंद सिंह लोधी और गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र से शेखर चौधरी के स्थान पर नर्मदा प्रसाद प्रजापति को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी ने निवास विधानसभा क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के खिलाफ चैन सिंह वर्कड़े और सीधी से BJP उम्मीदवार एवं सांसद रीति पाठक के खिलाफ ज्ञान सिंह को टिकट दिया है। कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। पार्टी अब तक कुल 229 विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस के 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत 69 विधायकों के नाम शामिल थे ।