MP Election 2023: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने मंगलवार को लाडली बहना योजना (Ladli Behna Yojna) की महिला लाभार्थियों के बैंक अकाउंट मे इस बार समय से पहले ही अक्टूबर महीने की किश्त पहुंचाने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों (Assembly Election) के कार्यक्रम का जल्द ही ऐलान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए BJP सरकार की प्रमुख कल्याण योजना के तहत किस्त हर महीने की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है, लेकिन इस महीने के लिए पैसा 4 अक्टूबर (बुधवार) को ही जमा कर दिया जाएगा।
योजना के तहत राज्य सरकार हर एक लाभार्थी महिला को हर महीने 1,250 रुपए देती है। चौहान ने भोपाल में महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लाडली बहना योजना के तहत वित्तीय सहायता धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।
CM शिवराज ने कहा, मैं (हर महीने की) 10 तारीख को रकम ट्रांसफर करता हूं, लेकिन मैं इसे कल (बुधवार) ही अकाउंट में ट्रांसफर कर रहा हूं, क्योंकि चुनावों की घोषणा की जाएगी और हम मतदान के समय (आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण) ऐसा नहीं कर सकते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बुरहानपुर से हितग्राहियों के बैंक अकाउंट में अमाउंट ट्रांसफर करेंगे। उन्होंने आगे कहा, "...और चुनाव के दौरान एक महीना आएगा मैं चुपचाप (उस महीने की) राशि भी ट्रांसफर कर दूंगा।"
चौहान ने पहले घोषणा की थी कि योजना के तहत मौजूदा 1,250 रुपए की वित्तीय सहायता को धीरे-धीरे बढ़ाकर 3,000 रुपए प्रति माह किया जाएगा।
मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर तक विधानसभा चुनाव होने हैं। पिछले महीने की शुरुआत में मध्य प्रदेश की यात्रा के दौरान, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा था कि राज्य के लिए अंतिम मतदाता सूची 5 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।