MP Election 2023: विपक्षी INDIA गठबंधन के प्रमुख घटक दल आम आदमी पार्टी (AAP) ने मध्य प्रदेश में साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों (Assembly Elections) के लिए 29 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की। अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के नेतृत्व वाली पार्टी के इस कदम ने MP चुनाव में विपक्षी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की संभावना को और कम कर दिया है। अब तक, AAP ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 39 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसने पिछले महीने की शुरुआत में 10 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की थी।
उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पूर्व विधायक ममता मीना भी शामिल हैं, जो चाचौरा से भगवा पार्टी की तरफ से टिकट नहीं दिए जाने के बाद पिछले महीने AAP में शामिल हो गई थीं। AAP ने उन्हें उसी विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है।
सोमवार रात AAP के एक्स अकाउंट से जारी लिस्ट में तीन अनुसूचित जनजाति (ST) और चार अनुसूचित जाति (SC) आरक्षित सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई। AAP ने भोपाल शहर से दो उम्मीदवारों की भी घोषणा की, जिनमें मोहम्मद सऊद (भोपाल उत्तर) और रईसा बेगम मलिक (नरेला) शामिल हैं।
इंदौर जिले से तीन उम्मीदवार घोषित किए गए - सुनील चौधरी (महू), अनुराग यादव (इंदौर-1) और पीयूष जोशी (इंदौर-4)।
लिस्ट में रमणी देवी जाटव (भांडेर), राहुल कुशवाह (भिंड), सतेंद्र भदोरिया (मेहगांव), चाहत मणि पांडे (दमोह), चंदा किन्नर (मलहरा), सुनील चौधरी (महू), भेरू सिंह अनारे (गंधवानी), अनूप गोयल (शिवपुरी), सुनील गौर (सिवनी-मालवा), आनंद सिंह (बरगी), पंकज पाठक (पनागर) और विजय मोहन पाल्हा (पाटन) के नाम शामिल हैं।
AAP ने नान सिंह नावड़े (सेंधवा), दिलीप सिंह गुड्डु (देवतालाब), वरुण अंबेडकर (मनगवां), उमेश त्रिपाठी (मऊगंज), वरुण गुर्जर खटीक (रायगांव), उषा कोल (मानपुर), रतिभान साकेत (देवसर), आनंद मंगल सिंह (सीधी), अमित भटनागर (बिजावर), भागीरथ पटेल (छतरपुर), सुबोध स्वामी (नागदा-खाचरौद) और दीपक सिंह पटेल (रीवा)। को भी मैदान में उतारा है।
मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी ने अब तक तीन अलग-अलग लिस्ट में 79 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जबकि कांग्रेस ने अब तक उम्मीदवारों की कोई लिस्ट जारी नहीं की है।
पिछले महीने दिल्ली में एक बैठक के बाद, INDIA गुट ने अक्टूबर के पहले हफ्ते में भोपाल में एक संयुक्त रैली की घोषणा की थी, लेकिन एमपी कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने बाद में कहा कि इसे रद्द कर दिया गया है।
2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 230 सदस्यीय विधानसभा में 114 सीटें जीती थीं और गठबंधन सरकार बनाई थी। BJP ने 109 सीटें जीती थीं। मार्च 2020 में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर गई, जिसके बाद बीजेपी सत्ता में लौट आई और शिवराज सिंह चौहान चौथी बार मुख्यमंत्री बने।