Madhya Pradesh Assembly Elections 2023: मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के 17 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए कुल 3,832 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 21 अक्टूबर को शुरू हुई थी। नामांकन दाखिल करने की समयसीमा सोमवार 30 अक्टूबर को समाप्त हो गई। उन्होंने बताया कि सोमवार तक 3,832 उम्मीदवारों द्वारा दाखिल 4,359 नामांकन प्राप्त हुए हैं।
अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन 2,489 उम्मीदवारों ने 2,811 नामांकन दाखिल किए। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार 31 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार दो नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
इन उम्मीदवारों में से राज्य की राजधानी भोपाल के 7 विधानसभा क्षेत्रों से 121 उम्मीदवारों ने आखिरी दिन अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा, ''मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए नामांकन 21 अक्टूबर से शुरू हुआ था और नामांकन पत्र जमा करने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर थी।"
आखिरी दिन राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में 2,489 उम्मीदवारों द्वारा कुल 2,811 नामांकन पत्र जमा किए गए। बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीट के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
कमलनाथ-शिवराज ने भी भरा पर्चा
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने 26 अक्टूबर को छिंदवाड़ा से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि मौजूदा मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन सोमवार को अपनी पारंपरिक सीट बुधनी से अपना पर्चा भरा। आगामी राज्य विधानसभा चुनावों के लिए 21 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक अब तक कुल 3,832 उम्मीदवारों ने 4,359 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 2 नवंबर नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख होगी।
वहीं, भोपाल में 121 उम्मीदवारों में से बैरसिया विधानसभा सीट के लिए 17, भोपाल उत्तर सीट के लिए 22, नरेला सीट के लिए 14, भोपाल दक्षिण-पश्चिम सीट के लिए 16, भोपाल मध्य सीट के लिए 21, 19 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। गोविंदपुरा विधानसभा सीट के लिए और हुजूर विधानसभा सीट के लिए आखिरी दिन 12 नामांकन दाखिल हुए।
मध्य प्रदेश उन पांच राज्यों में से एक है जहां इस साल चुनाव होने हैं। राज्य में 17 नवंबर को एक चरण में मतदान होना है और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। मतदाता 230 विधानसभा क्षेत्रों से विधायक चुनेंगे।