महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले, सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसियों ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की जान को खतरे की आशंका जताई है, जिसके बाद अधिकारियों को पूर्व फोर्स वन कर्मियों के साथ उनकी 'Z+' सिक्योरिटी कवर को बढ़ा दिया है। राज्य गृह विभाग के शीर्ष पदों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, खुफिया टीमों ने ऐसे कम्युनिकेशन इंटरसेप्ट किए, जिससे BJP नेता की जान को खतरा होने का संकेत मिला है। सूत्रों ने ये नहीं बताया कि खतरा किस ग्रुप, गैंग या गुट से है, लेकिन कहा कि वे संभावित खतरों की जांच कर रहे हैं, और फडमवीस से सावधानी बरतने का आग्रह किया।
फोर्स वन के पूर्व कमांडो तैनात
इससे पहले, राज्य पुलिस ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एहतियात के तौर पर 12 पूर्व फोर्स वन कमांडो के साथ फडणवीस की सुरक्षा बढ़ा दी थी।
अधिकारियों ने कहा कि फडणवीस को वर्तमान में 'Z+' सिक्योरिटी कवर मिला है। महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट इसे मैनेज करती है।
खुफिया जानकारी से पता चला है कि कुछ समूह राज्य चुनाव से पहले फडणवीस पर योजनाबद्ध हमले की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि जवाब में, राज्य पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की और तदनुसार इसे बढ़ा दिया।
उन्होंने कहा कि मुंबई में BJP नेता के आधिकारिक घर और नागपुर में उनके घर पर विस्तारित सुरक्षा उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भी मौजूद रहेगा।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 20 नवंबर को होगा, जबकि सभी 288 सीटों के लिए वोटों की गिनती तीन दिन बाद 23 नवंबर को होगी।