'मैंने अपने 55 सालों में कभी...': इंपोर्टेड माल वाले बयान पर अरविंद सावंत ने शाइना एनसी से मांगी माफी, FIR दर्ज

Maharashtra Chunav 2024: शिवसेना (UBT) नेता अरविंद सावंत ने कहा कि जो वक्तव्य हुआ उसका अलग अर्थ लगाकर जान बूझ कर मुझे निशाना बनाया जा रहा है जिसका मुझे दुख है। उन्होंने कहा कि फिर भी मेरे वक्तव्य से किसी के मन को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। मैं उनका सम्मान करता हूं और मैंने अपने 55 साल में कभी अवमानना नहीं की आज भी नहीं करूंगा

अपडेटेड Nov 02, 2024 पर 2:43 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Election 2024: 'इंपोर्टेड माल' वाले बयान पर उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना के नेता अरविंद सावंत की तीखी आलोचना हो रही थी

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना की मुम्बादेवी विधानसभा सीट से उम्मीदवार शाइना एनसी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर आलोचनाओं का सामना कर हे शिवसेना (UBT) नेता अरविंद सावंत ने शनिवार (2 नवंबर) को माफी मांगते हुए कहा कि पांच दशक के अपने राजनीतिक कार्यकाल में उनका कभी भी महिलाओं का अपमान करने का इरादा नहीं था। शाइना एनसी को कथित तौर पर "इंपोर्टेड माल" कहे जाने को लेकर शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत के खिलाफ मुंबई पुलिस में एक FIR दर्ज की गई।

राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख विजया रहाटकर ने मामले में पुलिस और निर्वाचन आयोग से भी कार्रवाई की मांग की है। मुंबई दक्षिण से शिवसेना (यूबीटी) सांसद सावंत ने कहा कि उनके शब्दों की गलत व्याख्या की जा रही है। वहीं, शाइना ने कहा कि सावंत की टिप्पणी उद्धव ठाकरे नीत पार्टी की मानसिकता को दर्शाती है।

अरविंद सावंत ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जो वक्तव्य हुआ उसका अलग अर्थ लगाकर जान बूझ कर मुझे निशाना बनाया जा रहा है जिसका मुझे दुख है। फिर भी मेरे वक्तव्य से किसी के मन को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। मैं उनका सम्मान करता हूं और मैंने अपने 55 साल में कभी अवमानना नहीं की आज भी नहीं करूंगा। मैं अपेक्षा करता हूं कि देश में महिलाओं के सम्मान में पार्टी नहीं देखी जा सकती।"


उन्होंने आगे कहा, "महिला को शूर्पणखा किसने कहा था? महिला को जर्सी गाय किसने कहा था?… मणिपुर में जो हुआ उसमें महिलाओं का सम्मान था? हमारी मेयर के लिए आशीष शेलार ने जो बयान दिया उस पर कौन सा FIR दाखिल हुआ?.... अगर आपको महिलाओं के सम्मान के प्रति इतनी संवेदना है तो इन सारे लोगों ने जो महिलाओं को अवमानित किया उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए ये मेरी मांग है।"

शाइना पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ थीं। वह हाल में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में शामिल हुई थीं। वह मुंबई की मुम्बादेवी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें कांग्रेस के अमीन पटेल के खिलाफ मैदान में उतारा गया है। राज्य में 20 नवंबर को मतदान होना है जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।

अरविंद सावंत ने क्या कहा था?

अरविंद सावंत ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व बीजेपी नेता शाइना एनसी को "इंपोर्टेड माल" कहकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया। शिवसेना की महिला कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार (1 नवंबर) को नागपाड़ा पुलिस स्टेशन के बाहर नारेबाजी की।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, अरविंद सावंत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "उनकी हालत तो देखो...वह पूरी जिंदगी बीजेपी में रहीं और अब उन्हें देखिए... हमारे यहां इंपोर्टेड माल नहीं चलता। यहां केवल ओरिजिनल 'माल' ही चलता है। हमारे पास ओरिजिनल माल (उम्मीदवार की ओर इशारा करते हुए) है।" रिपोर्ट के मुताबिक, सावंत ने यह बयान 29 अक्टूबर को दिया था, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रवक्ता शाइना एनसी ने पार्टी से इस्तीफा देकर 29 अक्टूबर को मुंबई के मुंबादेवी विधानसभा क्षेत्र से एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना की उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया था।

शाइना का पलटवार

शाइना ने सावंत की उस टिप्पणी की एक वीडियो क्लिप पत्रकारों को दिखाई। उन्होंने कहा, "एक पेशेवर और 20 वर्षों से राजनीतिक कार्यकर्ता को माल कहना शिवसेना (यूबीटी) की मानसिकता को दर्शाता है। उद्धव ठाकरे, शरद पवार, नाना पटोले चुप क्यों हैं?"

शाइना ने कहा, "मैं एक महिला हूं, कोई वस्तु नहीं। महिलाएं अपने प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किये जाने पर चुप नहीं रहेंगी। (देवी) मुम्बादेवी के आशीर्वाद से मैं मुंबईवासियों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। अरविंद सावंत की टिप्पणी शिवसेना (यूबीटी) गुट के भीतर महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करती है।"

ये भी पढ़ें- 'इंपोर्टेड माल नही चलता...': उद्धव गुट के नेता अरविंद सावंत की शाइना एनसी पर शर्मनाक टिप्पणी, मांफी की मांग तेज

उन्होंने कहा, "इससे भी अधिक परेशान करने वाली बात यह है कि जब सावंत ने ये टिप्पणियां कीं तो कांग्रेस उम्मीदवार अमीन पटेल प्रसन्न हो गए।" उन्होंने कहा कि मुम्बादेवी के मतदाता राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP), कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के गठजोड़ महा विकास आघाडी (MVA) को सबक सिखाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।