Maharashtra Chunav 2024: चुनाव की तारीख आते ही महायुति सरकार गिनाने लगी अपने काम, उधर कांग्रस को लगा बड़ा झटका

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: महाराष्ट्र में महायुति के नेताओं एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने पिछले दो साल में राज्य सरकार के काम का ‘‘रिपोर्ट कार्ड’’ जारी किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में महायुति की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) गठबंधन विकास विरोधी दूरदृष्टि से काम करता है

अपडेटेड Oct 16, 2024 पर 1:29 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Chunav 2024: चुनाव की तारीख आते ही महायुति जारी किया रिपोर्ट कार्ड

महाराष्ट्र में चुनावी बिगुल फुंक चुका है। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक ही चरण में चुनाव होंगे। चुनाव ऐलान के एक दिन बाद महायुति सरकार के तीनों नेताओं, NCP के अजीत पवार, शिवसेना के एकनाथ शिंदे और BJP के देवेंद्र फड़नवीस ने बुधवार को मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, शिंदे, फडणवीस और अजीत पवार चुनावों से पहले सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा करने के लिए बुधवार दोपहर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

महायुति ने जारी किया रिपोर्ट कार्ड

महाराष्ट्र में महायुति के नेताओं एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने पिछले दो साल में राज्य सरकार के काम का ‘‘रिपोर्ट कार्ड’’ जारी किया।


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में महायुति की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) गठबंधन विकास विरोधी दूरदृष्टि से काम करता है। उन्होंने कहा, "सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नेता आम आदमी के लिए एक टीम की तरह काम कर रहे हैं।"

सत्तारूढ़ महायुति ने बुधवार को एक रिपोर्ट कार्ड जारी किया और कहा, “हमने मुंबई के लोगों के लिए मेट्रो 3, अटल सेतु, कोस्टल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। जबकि पिछली MVA सरकार ने अपने कार्यकाल में विकास विरोधी नजरिया रखा था।"

इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि महिलाओं के लिए हमारी सरकार की लाडकी बहिन जैसी योजनाओं को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से हमारे विरोधी भी हैरान हैं।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार परिवर्तनकारी योजनाएं लेकर आई है।

कांग्रेस को लगा झटका

इस बीच, मुंबई कांग्रेस महासचिव जावेद श्रॉफ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और राज्य प्रमुख सुनील तटकरे की मौजूदगी में NCP में शामिल हो गए।

महाराष्ट्र के लिए चुनावी बिगुल बज चुका है, जहां सत्तारूढ़ महायुति का सीधा मुकाबला महा विकास अघाड़ी (MVA) से होगा। BJP का लक्ष्य महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सहयोगी शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली NCP के साथ सत्ता बरकरार रखना है।

BJP के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को कांग्रेस-NCP (SP)-शिवसेना (UBT) के महा विकास अघाड़ी गठबंधन से चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जो लोकसभा चुनाव की तरह ही अपना प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद कर रहा है। लोकसभा चुनाव में विपक्षी MVA गठबंधन ने महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 31 सीटें जीतीं।

महाराष्ट्र में MVA गठबंधन के वास्तुकार माने जाने वाले NCP-SP प्रमुख शरद पवार ने घोषणा की कि वह तब तक आराम नहीं करेंगे, जब तक वह अपनी उम्र की परवाह किए बिना महाराष्ट्र को "सही रास्ते" पर नहीं ले जाते।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और BJP नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि राज्य अपने विकास के लिए अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को "मजबूत जनादेश" का इंतजार कर रहा है।

क्या कहते हैं लोकसभा चुनाव के नतीजे?

2024 के महाराष्ट्र लोकसभा नतीजों पर नजर डालें, तो BJP 83 विधानसभा क्षेत्रों में आगे थी, जो कि उसकी वर्तमान ताकत 103 सीटों से कम है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना 38 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि अजित पवार की NCP 6 सीटों पर आगे रही। बीजेपी की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय समाज पक्ष भी 1 सीट पर आगे रही।

कुल मिलाकर देखा जाए, तो महायुति गठबंधन ने 128 सीटों पर बढ़त हासिल की, जो कि उसकी वर्तमान ताकत 203 से काफी कम है।

दूसरी ओर, MVA 151 विधानसभा सीटों पर आगे रही। कांग्रेस सबसे ज्यादा 63 विधानसभा सीटों पर आगे है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना 56 सीटों पर आगे है और शरद पवार की NCP 32 सीटों पर आगे है।

Mumbai Toll Tax Free: मुंबई में हल्के वाहनों को नहीं देना होगा टोल टैक्स, राज्य सरकार ने किया ऐलान

Shubham Sharma

Shubham Sharma

First Published: Oct 16, 2024 1:13 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।