Maharashtra Assembly Elections 2024 Highlights: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सभी 288 असेंबली सीटों के लिए मतदान 20 नवंबर को होंगे। जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस चुनाव में महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ 'महायुति' और विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) के बीच जबरदस्त सियासी खींचतान देखने को मिल रही है
Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024 Highlights: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ एक सप्ताह से भी कम समय बच गया है। राज्य में चुनावी प्रचार अभियान जोरों पर है। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ 'महायुति' और विपक्षी गठबंधन 'महा विकास अघाड़ी' के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस बीच, राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना (UBT) के बीच बैग चेकिंग के दावों को लेकर राजनीतिक खींचतान चल रही है। बीजेपी नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे पर चुनाव अधिकारियों द्वारा उनके बैग की जांच को लेकर ध्यान भटकाने और रोना-धोना करके वोट मांगने का आरोप लगाया।
इस बीच, छत्रपति संभाजी नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने के लिए विकास पर नहीं, बंटवारे पर भरोसा करती है। कांग्रेस दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को आगे बढ़ने से रोकती है ताकि सत्ता पर पीढ़ी-दर-पीढ़ी इनका कब्जा बना रहे। इसलिए कांग्रेस शुरू से ही आरक्षण के खिलाफ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता और कांग्रेस का एजेंडा अभी भी वही है। इसलिए पिछले 10 वर्षों से OBC समाज का प्रधानमंत्री इन्हें बर्दाश्त ही नहीं हो रहा है।
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार (14 नवंबर) को नंदूरबार में रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार ने कई परियोजनाओं को गुजरात में ट्रांसफर करके पांच लाख नौकरियां छीन लीं। उन्होंने यह भी कहा कि जाति आधारित जनगणना से महाराष्ट्र में आदिवासियों, दलितों, पिछड़े वर्गों की संख्या का पता लगाने में मदद मिलेगी।
इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के चंगुल में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत को विभाजित करने के लिए प्रयासरत तत्वों के हाथों की कठपुतली बन गई है। 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अहिल्यानगर जिले के शिरडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने महाविकास आघाडी (एमवीए) पर विकास परियोजनाओं में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने ऐसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सत्तारूढ़ महायुति की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
नड्डा ने आरोप लगाया, "कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के चंगुल में है। कांग्रेस उन लोगों के हाथों की कठपुतली बन गई है जो देश को तोड़ना और बांटना चाहते हैं। इनका उन लोगों के साथ गठजोड़ है जो आर्टिकल 370 को बहाल करने की बात करते हैं।" केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर दक्षिण-उत्तर विभाजन को बढ़ावा देने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
नड्डा ने कहा, "उनके (कांग्रेस) एक नेता डी.के. सुरेश ने कहा है कि दक्षिण भारत के लोग अधिक कर देते हैं और यह पैसा उत्तर (भारत) पर खर्च किया जा रहा है। सुरेश ने यह भी कहा है कि यदि कर के रूप में चुकाए गए पैसे का उपयोग उनके लिए नहीं किया गया तो वे दक्षिण भारत से एक अलग राष्ट्र बना लेंगे।"