Mizoram Election 2023: मिजोरम विधानसभा (Mizoram Assembly) अध्यक्ष और MNF नेता लालरिनलियाना सेलो (Lalrinliana Sailo) ने बुधवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि वह राज्य में विकास लाने के लिए BJP में शामिल होंगे। 2018 के विधानसभा चुनाव (Assembly Election) में चाल्फिल सीट जीतने वाले सेलो को नवंबर में होने वाले 2023 चुनाव के लिए सत्तारूढ़ पार्टी ने टिकट देने से इनकार कर दिया था।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पार्टी सूत्रों ने बताया कि उन्हें गुरुवार को BJP में शामिल किए जाने की संभावना है। सेलो ने विधानसभा उपाध्यक्ष एच लालबियाकजौवा को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "मिजोरम की वित्तीय स्थिति अच्छी नहीं है। मैं अपने राज्य में विकास शुरू करने के लिए पार्टी में शामिल होऊंगा।"
सत्तारूढ़ MNF ने पिछले महीने सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों को अंतिम रूप दिया था, लेकिन सेलो को टिकट देने से इनकार कर दिया था। कांग्रेस से आए 64 साल के MNF नेता चैलफिल निर्वाचन क्षेत्र से चार बार विधानसभा के लिए चुने गए हैं।
40 सदस्यों वाली मिजोरम विधानसभा के लिए चुनाव 7 नवंबर को एक ही चरण में होंगे और डाले गए वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
पिछले आठ दिनों में सात विधायकों ने अपना इस्तीफा दे दिया है, जिनमें कांग्रेस विधायक के टी रोखाव और पूर्व मंत्री के बेइचुआ भी शामिल हैं।
रोखाव सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट में शामिल हो गए हैं और पलक से चुनाव लड़ेंगे। जबकि बेइचुआ, जिन्हें जनवरी में MNF की तरफ से निष्कासित कर दिया गया था। अब वह BJP के टिकट पर अपने गृह क्षेत्र सियाहा से चुनाव लड़ेंगे।
जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) समर्थित पांच निर्दलीय विधायकों ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि गुरुवार शाम आइजोल स्थित कार्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान सेलो को BJP में शामिल किए जाने की उम्मीद है।