Mizoram Election 2023: मिजोरम विधानसभा चुनाव (Mizoram Assembly Election 2023) से पहले कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पूर्वोत्तर राज्य में पार्टी के चुनाव अभियान की शरुआत कर दी है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की ही तर्ज पर राहुल ने यहां भी जनता से कई बड़े वादे किए हैं। लुंगलेई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ने मिजोरम में LPG सिलेंडर के दाम कम करने और सभी बुजुर्ग नागरिकों के लिए वृद्धावस्था पेंशन देने का वादा किया।
उन्होंने कहा, "हम LPG सिलेंडर की कीमत 750 रुपए तक कम कर देंगे। हम अपने सभी वरिष्ठ नागरिकों को 2,000 रुपए प्रति माह की वृद्धावस्था पेंशन भी देंगे।"
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी ने लिखा, "आने वाले चुनाव में कांग्रेस सभी 5 राज्यों में जीत हासिल करेगी। मिजोरम कांग्रेस के साथ, मिजोरम को अपने नेता से प्यार है।"
उन्होंने कहा, "मेरे शब्दों पर गौर करें, कांग्रेस पार्टी तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम में जीतने जा रही है।" गांधी ने राजस्थान, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकारों की योजना का भी जिक्र किया,
राहुल ने कहा, "कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के लिए काम करती है। राजस्थान में बेहतरीन स्वास्थ्य सेवा नीति है। कर्नाटक एक अतुलनीय सामाजिक सुरक्षा जाल दे रहा है। जबकि छत्तीसगढ़ मजबूत नीतियों के साथ उद्यमियों का समर्थन करता है। हम मध्य प्रदेश में भ्रष्ट BJP सरकार को हटा देंगे और हमारी 6 गारंटी तेलंगाना में भारी जीत सुनिश्चित करेगी।"
मिजोरम के लिए कांग्रेस की योजना के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास मिजोरम को एक मॉडल स्टेट बनाने का एकदम क्लियर प्लान है।
उन्होंने कहा, "हमारी पहलों में ₹2,500 मासिक वृद्धावस्था पेंशन, ₹750 में LPG सिलेंडर और तांग पुइहना आर्थिक विकास पहल शामिल हैं। BJP के उलट, कांग्रेस के पास सभी भारतीयों के लिए एक खास दृष्टिकोण है।"
राहुल ने ये भी दावा किया कि विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो कि BJP से भी ज्यादा है। गांधी ने आरोप लगाया कि मिजोरम की दोनों प्रमुख पार्टियां MNF और विपक्षी ZPM का इस्तेमाल BJP ईसाई बहुल राज्य में पैर जमाने के लिए कर रही है।
आइजोल में पत्रकारों को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और धर्म या संस्कृति से परे लोगों की खुद को अभिव्यक्त करने और सद्भाव में रहने की स्वतंत्रता की रक्षा करके "भारत के विचार" की रक्षा करेगा।