Rajasthan Election 2023: राजस्थान में अब 23 की जगह 25 नवंबर को होगा मतदान, 3 दिसंबर को घोषित होंगे नतीजे

Rajasthan Election 2023: भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम में बदलाव करने का फैसला किया। नए कार्यक्रम के मुताबिक, मतदान 23 नवंबर की बजाय 25 नवंबर (शनिवार) को होगा। चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा कि उसे विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से मतदान की तारीख में बदलाव के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे

अपडेटेड Oct 11, 2023 पर 5:16 PM
Story continues below Advertisement
RAJASTHAN ELECTION 2023: 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे

Rajasthan Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीख में बदलाव किया गया है। राजस्थान में विधानसभा की 200 सीटों के लिए अब 23 नवंबर की जगह 25 नवंबर को राजस्थान में मतदान होगा। 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम में बदलाव करने का फैसला किया। नए कार्यक्रम के मुताबिक, मतदान 23 नवंबर की बजाय 25 नवंबर (शनिवार) को होगा।

चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा कि उसे विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से मतदान की तारीख में बदलाव के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे। चुनाव आयोग के मुताबिक, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से 25 नवंबर को कई धार्मिक आयोजन और शादियां होने की बात कही गई थी।

पाली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद पीपी चौधरी ने निर्वाचन आयोग को राजस्थान चुनाव की तारीख (23 नवंबर) बदलने के लिए पत्र लिखा था। उन्होंने देवउठनी ग्यारस पर शादियों को देखते हुए मतदान की तारीख बदलने की मांग की थी।


चुनाव की प्रमुख तारीख

अधिसूचना जारी होने की तिथि: 30 अक्टूबर

नामांकन करने की अंतिम तिथि: 6 नवंबर

उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि: 9 नवंबर

मतदान की तिथि: 25 नवंबर

मतगणना की तिथि: 3 दिसंबर

5 करोड़ मतदाता करेंगे नेताओं के भाग्य का फैसला

राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत होने वाले मतदान में सवा 5 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। राजस्थान में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच होता है। इस मरूधर प्रदेश में कुछ क्षेत्रीय पार्टियां भी हैं जो चुनिंदा क्षेत्रों में अपना प्रभाव रखती हैं।

राज्‍य विधानसभा के पिछले चुनाव (2018) में कुल 200 सीटों में कांग्रेस को 99 एवं बीजेपी को 73 सीटें मिलीं। अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर BSP प्रत्याशी के निधन के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया जो 28 जनवरी को हुआ। इसमें भी कांग्रेस ने बाजी मारी। अशोक गहलोत ने 17 दिसंबर 2018 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में कुल 5 करोड़ 26 लाख 80,545 मतदाता हैं। इनमें से 2 करोड़ 73 लाख 58 हजार 627 पुरूष एवं 2 करोड़ 51 लाख 79 हजार 422 महिला मतदाता शामिल हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 4 करोड़ 77 लाख 89 हजार मतदाता थे। इनमें 2 करोड़ 49 लाख 61 हजार महिलाएं और 2 करोड़ 28 लाख 27 हजार महिला मतदाता थीं।

ये भी पढ़ें- Rajasthan Election 2023: वसुंधरा राजे और उनकी टीम की अनदेखी से नाराज BJP नेताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन

राज्य की अपडेट मतदाता सूची में 80 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 11.78 लाख मतदाता, 100 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 17,241 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इसी प्रकार कुल 5.61 लाख विशेष योग्य जन मतदाता के रूप में रजिस्टर्ड हैं। राज्‍य की 200 विधानसभा सीटों में 34 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, वहीं 141 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।