Rajasthan Election 2023: BJP ने संदीप दायमा को पार्टी से किया निष्कासित, गुरुद्वारों-मस्जिदों पर की थी विवादित टिप्पणी

BJP राजस्थान की अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत ने कहा, "पार्टी की विचारधारा के खिलाफ बयान देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर संदीप दायमा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।" पार्टी उम्मीदवार बाबा बालकनाथ के नामांकन के दौरान तिजारा में आयोजित रैली में दायमा की टिप्पणी की व्यापक आलोचना के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है

अपडेटेड Nov 06, 2023 पर 11:58 AM
Rajasthan Election 2023: सीनियर बीजेपी नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दायमा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है

Rajasthan Election 2023: राजस्थान बीजेपी के नेता संदीप दायमा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अलवर में अपने नेता संदीप दायमा (Sandeep Dayma) को हाल ही में तिजारा निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित एक रैली के दौरान गुरुद्वारा और मस्जिद पर टिप्पणी करने को लेकर पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस बीच, पंजाब बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रमुख जय इंदर कौर ने राजस्थान के बीजेपी नेता दायमा के खिलाफ रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सीनियर बीजेपी नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दायमा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

BJP राजस्थान की अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत ने कहा, "पार्टी की विचारधारा के खिलाफ बयान देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर संदीप दायमा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।" पार्टी उम्मीदवार बाबा बालकनाथ के नामांकन के दौरान तिजारा में आयोजित रैली में दायमा की टिप्पणी की व्यापक आलोचना के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।

इस रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। बुधवार को एक रैली में बोलते हुए दायमा ने कथित तौर पर कहा था कि जो मस्जिदें और गुरुद्वारे बने हैं, वे खुले घाव बन जाएंगे और उन्हें उखाड़ दिया जाना चाहिए। वैसे बाद में दायमा ने अपनी इस टिप्पणी को लेकर माफी मांग ली थी।


ये भी पढ़ें- Rajasthan Election 2023: राजस्थान में BJP की छठी लिस्ट जारी! पूर्व कांग्रेस नेता मलिंगा को मिला टिकट, सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित

सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर लिखा, "नागरिकों की धार्मिक संवेदना के विरुद्ध राजस्थान के नेता की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती है। उनके निंदनीय बयान से लोगों के दिलों को जो ठेस पहुंची है उसके बारे में मैंने केंद्रीय नेतृत्व को अगवत करा दिया है। प्रदेश बीजेपी इकाई ने सभी विकल्प खंगालने की सिफारिश की है ताकि ऐसे गलत आचरण की पुनरावृत्ति न हो क्योंकि इस असंवेदनशील टिप्पणी से लोगों के हृदय को जो ठेस पहुंची है और उनमें जो नाराजगी है, वह माफी से शांत नहीं होगी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।