Rajasthan Election 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चौथी लिस्ट जारी कर दी है और राजस्थान (Rajasthan) में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Election) के लिए दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शिव सीट से स्वरूप सिंह खारा (Swaroop Singh Khara) और टोडाभीम सीट से रामनिवास मीणा (Ramniwas Meena) को टिकट दिया गया है।
रामनिवास मीणा गुरुवार रात ही बीजेपी में शामिल हुए थे और भगवा पार्टी में शामिल होने के 10 घंटे बाद ही उन्हें टिकट दे दिया गया था। शिव विधानसभा क्षेत्र से नए चेहरे के रूप में स्वरूप सिंह खारा को टिकट दिया गया है।
पहले शिव के लिए रवींद्र सिंह भाटी का नाम चल रहा था, लेकिन अब खारा को टिकट दिया गया। शुक्रवार को जारी चौथी लिस्ट के साथ, BJP ने अब तक 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में 184 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
BJP ने इस बार कई बड़े बदलाव किए हैं। बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी विश्वासपात्र और पूर्व मंत्री यूनुस खान को न तो डीडवाना और न ही टोंक से टिकट दिया है। खान डीडवाना से दो बार विधायक रह चुके हैं। जबकि 2018 में बीजेपी ने टोंक से उन्हें कांग्रेस के सचिव पायलट के खिलाफ मैदान में उतारा था।
बीजेपी ने डीडवाना से जीतेंद्र सिंह जोधा को मैदान में उतारा है। 2018 के विधानसभा चुनाव में जोधा बीजेपी के उम्मीदवार थे, लेकिन कांग्रेस के चेतन डूडी से हार गए थे।
टोंक से मौजूदा विधायक पायलट के खिलाफ पार्टी ने पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता को मैदान में उतारा। मेहता 2013 से 2018 तक टोंक से BJP विधायक थे, लेकिन 2018 में उन्हें टिकट नहीं दिया गया, जब पार्टी ने खान को टोंक से मैदान में उतारा।
खंडेला से टिकट नहीं मिलने के बाद बुधवार को बीजेपी में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस नेता सुभाष मील को इस सीट से टिकट मिल गया है। इसी तरह करौली से पूर्व कांग्रेस विधायक दर्शन सिंह गुर्जर को मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस की तरफ से टिकट नहीं दिए जाने के बाद गुर्जर बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए।
बीजेपी इससे पहले तीन लिस्ट में 182 उम्मीदवार तय कर चुकी है। इन दो और नाम के साथ वह कुल 184 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।
राज्य की सभी 200 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी। नामांकन छह नवंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं।