Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव (Rajasthan Assembly Election) में दोबारा जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस (Congress) ने अपनी रणनीति में बदलाव करने का फैसला किया है। ये कोई आम बदलाव नहीं होगा, क्योंकि इसके बाद राज्य के कई दिग्गज नेताओं को तगड़ा झटका लगने की भी उम्मीद है। पार्टी इस बार के चुनावी रण में अपने कई पुराने चेहरों को बदलने पर विचार कर रही है। खबर है कि कांग्रेस अपने 50 से ज्यादा विधायकों का टिकट काट सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो सिर्फ यही नहीं, बल्कि पार्टी करीब 70 सीटों पर एकदम नए चेहरे उतारने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में स्क्रीनिंग कमेटी के एक सदस्य के हवाले से बताया कि समिति ने सभी 200 सीटों पर दो-दो नाम का पैनल तैयार कर लिया है।
अब सवाल उठता है कि आखिर पार्टी ये कैसे तय करेगी किस विधायक या मंत्री का टिकट कटना है और किस नए उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगानी है?
इसका जवाब ये है कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले इस बार कुछ ऐसा किया, जो दो दशकों में कभी नहीं हुआ। ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों पर एक नहीं बल्कि दो-दो बार स्वतंत्र एजेंसियों से सर्वा कराया है।
इतना ही नहीं उसने पड़ोसी राज्यों के नेताओं को पर्यवेक्षक बना कर राजस्थान भेजा। इन पर्यवेक्षकों ने निचले स्तर के नेताओं से लेकर सीनियर लेवल तक नेताओं से संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की और उनका फीडबैक भी जाना।
इसके अलावा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने स्तर पर राज्य पुलिस के खुफिया विभाग से भी, न सिर्फ वर्तमान विधायकों बल्कि सभी विधानसभा सीट का रिपोर्ट कार्ड लिया।
पार्टी के इंटरनल सर्वे, नेताओं के फीडबैक और इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के आधार पर ही ये तय किया गया है कि 10 मंत्रियों समेत 50 से ज्यादा विधायकों को इस बार बाहर का रास्ता दिखाना होगा और नए चेहरों पर दांव लगाना है।