Rajasthan Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार को जोधपुर में अपने संबोधन के दौरान राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध, अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) सरकार के कथित भ्रष्टाचार की 'लाल डायरी' (Lal Dairy) और दंगों का जिक्र किया। PM मोदी ने कहा, "क्या आपने 'लाल डायरी' के बारे में सुना है? लोगों का कहना है कि डायरी में कांग्रेस सरकार की तरफ से किए गए भ्रष्टाचार की डिटेल है, लेकिन सबसे पुरानी पार्टी डायरी के विवरण को कभी भी उजागर नहीं होने देगी। केवल BJP सरकार ही 'लाल डायरी' के रहस्य को उजागर कर सकती है।"
पीएम मोदी ने 'बीजेपी आएगी, डंगे रुकवाएगी' का नारा देते हुए पूछा कि जब जोधपुर दंगों की आग में जल रहा था, तब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत क्या कर रहे थे? प्रधानमंत्री ने कहा, “चाहे राम नवमी हो, परशुराम जयंती हो या हनुमान जयंती, राजस्थान में ऐसी कोई जगह नहीं रही जहां इन अवसरों पर पथराव नहीं हुआ हो।”
पिछले साल, ईद से कुछ घंटे पहले गहलोत के गृहनगर जोधपुर में सांप्रदायिक तनाव फैल गया था, जिससे अधिकारियों को मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करना पड़ा और शहर के 10 पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा।
जालोरी गेट सर्किल पर इस्लामिक झंडे लगाने को लेकर तनाव हो गया, जिसके बाद पथराव हुआ, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। जालोरी गेट इलाके के पास दुकानों, गाड़ियों और घरों पर पथराव किया गया।
अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्य ईद के झंडे लगा रहे थे और उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा के पास एक चौराहे पर एक झंडा लगा दिया।
इससे टकराव की स्थिति पैदा हो गई, क्योंकि दूसरे समुदाय के सदस्यों ने आरोप लगाया कि भगवा झंडा, जो उन्होंने परशुराम जयंती से पहले वहां लगाया था, गायब हो गया है। अधिकारियों ने कहा था कि मामला पथराव और झड़प में बदल गया।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' के निर्माताओं को "हमारे वैज्ञानिकों के महान काम को प्रदर्शित करने" के लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा, “फिल्म दिखाती है कि कैसे हमारे वैज्ञानिकों ने Covid-19 वैक्सीन बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की। फिल्में देखने के बाद हर भारतीय गर्व महसूस कर रहा है।”