Rajasthan Election 2023: गहलोत का राजस्थान में टिकट का फॉर्मूला तैयार, ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी कांग्रेस

Rajasthan Election 2023: जयपुर में पत्रकारों से बातचीत में सचिन पायलट ने कहा कि इस बार शुद्ध रूप से योग्यता के आधार पर टिकट वितरण होगा। उन्हीं लोगों को टिकट दिया जाएगा जो धरातल से जुड़े हैं और जिनकी जीतने की संभावना हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बहुत जल्द इस पर निर्णय पार्टी लेगी।" टिकट मानदंड पर पूछे गए सवाल के जवाब में पायलट ने कहा कि हमें चुनाव जीतना है। मानदंड यह है कि जो उम्मीदवार जीताऊ हैं, उन्हें पार्टी टिकट देगी

अपडेटेड Oct 05, 2023 पर 3:02 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Election 2023: सचिन पायलट ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी

Rajasthan Assembly Election 2023: इस साल के आखिरी में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी पार्टी BJP ने अपनी-अपनी कमर कस ली है। दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल चुनावी रणनीति को धार देने के लिए लगातार रैलियां और बैठकें कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने संकेत दिए हैं कि उनकी पार्टी जल्द ही विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करेगी। दरअसल, सचिन पायलट ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी।

जयपुर में पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि इस बार शुद्ध रूप से योग्यता के आधार पर टिकट वितरण होगा। उन्हीं लोगों को टिकट दिया जाएगा जो धरातल से जुड़े हैं और जिनकी जीतने की संभावना हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बहुत जल्द इस पर निर्णय पार्टी लेगी।"

टिकट मानदंड पर पूछे गए सवाल के जवाब में पायलट ने कहा कि हमें चुनाव जीतना है। मानदंड यह है कि जो उम्मीदवार जीताऊ हैं, उन्हें पार्टी टिकट देगी। उन्होंने कहा कि जिन्हें टिकट नहीं मिलेगा, वे उस उम्मीदवार का समर्थन करें जिन्हें पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।


राजस्थान के पूर्व डिप्टी ने कहा कि टिकट बंटवारे में नौजवान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति, दलित, OBC, अल्पसंख्यक सब लोगों को हम प्राथमिकता देंगे। लेकिन जीतने की संभावना की हम अनदेखी नहीं कर सकते।

पायलट ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ताकत से फिर से सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए पायलट ने कहा कि अगर हमारे कार्यकर्ता मजबूत रहेंगे तो हमें जीतने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।

पायलट का बीजेपी पर हमला

सचिन पायलट दो दिवसीय दौरे के तहत बुधवार को टोंक पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और गुर्जर समाज के लोगों ने पायलट का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पायलट ने संसद में विवादित टिप्पणी करने वाले बीजेपी सांसद रमेश विधूडी को टोंक जिला प्रभारी बनाए जाने को लेकर विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का निजी मामला है कि टोंक में किसको प्रभारी बनाए, किसको नहीं। मैं इस मामले में नहीं पड़ना चाहता। उन्होंने कहा कि जनता सब समझती है। उन्होंने कहा कि इस बार वोट देने का निर्णय जनता बड़ी समझदारी के साथ करेगी। इसका निर्णय जनता पर छोड़ देना चाहिए। कौन उनके लिए सही है, कौन गलत है।

ये भी पढ़ें- MP Election 2023: सीएम शिवराज ने शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, सतना को देंगे 1000 करोड़ का तोहफा

सचिन पायलट ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी में अब डर पैदा हो गया है कि जिस तरीके से देश में लोगों के जनमानस में बदलाव हो रहा है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उससे बीजेपी भयभीत है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में 25-25 सांसदों को दो बार जीताकर भगवा पार्टी को दिए गए। लेकिन इन 9 सालों में उन्होंने राजस्थान को कोई भी बड़ी सौगात, प्रोजेक्ट या पैकेज नहीं दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।