Madhya Pradesh Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को शहडोल जिले से शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान सीएम ने कहा, "मैं शहडोल के विकास की आवाज हूं...मैं शिवराज हूं। शहडोल से नागपुर ट्रेन को मैं आपको समर्पित करता हूं।" मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में विश्वस्तरीय 80 रेलवे स्टेशन बनेंगे और 47 स्टेशनों पर 'एक जिला, एक उत्पाद' के स्टॉल लगाए जाएंगे। सीएम ने कहा कि मैं बहुत जल्द ही एक अत्याधुनिक एयरपोर्ट शहडोल को दूंगा।
सीएम शिवराज ने कहा कि शहडोल के लोगों ने जो सपना देखा था, वो आज पूरा हो रहा है। शहडोल से नागपुर के बीच ट्रेन चलाने के लिए मैं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री को हृदय से धन्यवाद देता हूं। सीएम ने कहा कि आपके कहने पर शहडोल संभाग बनाया गया। साथ ही यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और यूनिवर्सिटी बनी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शहडोल के बाद थोड़ी देर में सतना पहुंचने वाले हैं। यहां वह किसान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और सतना शहरवासियों को व्येंकटेश लोक की सौगात देंगे। सतना दौरे के दौरान सीएम आवासीय भू-अधिकार योजना एवं मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना के हितग्राहियों को अधिकार पत्र का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर 1,117 करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।
सीएम के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी आज 3:00 बजे मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचेंगे, जहां 12,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क, रेल, गैस पाइपलाइन, आवास और स्वच्छ पेयजल जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। पीएम मोदी इंदौर में लाइट हाउस परियोजना के तहत निर्मित 1,000 से अधिक घरों का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से मिली जानकारी के मुताबिक व्यक्तिगत घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के पीएम मोदी के सपने को साकार करने की दिशा में एक कदम उठाते हुए मंडला, जबलपुर और डिंडोरी जिलों में 2,350 करोड़ रुपये से अधिक की कई जल जीवन मिशन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
इसके अलावा पीएम मोदी सिवनी जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की जल जीवन मिशन परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। PMO के अनुसार, राज्य के चार जिलों की इन परियोजनाओं से मध्य प्रदेश के लगभग 1,575 गांवों को लाभ मिलेगा। पीएम मोदी मध्य प्रदेश में सड़क ढांचे में सुधार के लिए 4,800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।