Rajasthan Elections 2023: राजस्थान में BJP की तीसरी लिस्ट जारी, सीएम गहलोत के खिलाफ महेंद्र सिंह राठौड़ लड़ेंगे चुनाव

Rajasthan Elections 2023: गुरुवार शाम को जारी तीसरी लिस्ट में कई विधायकों को फिर मौका दिया गया है। जयपुर के हवामहल से बाल मुकुंद आचार्य, अलवर के रामगढ़ से जय आहूजा, भरतपुर के नदबई से नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह, अलवर के बहरोड़ से पूर्व मंत्री जसवंत सिंह यादव, जयपुर के विराटनगर विधानसभा सीट से कुलदीप धनखड़ को टिकट दिया गया है

अपडेटेड Nov 02, 2023 पर 5:58 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Elections 2023: राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं

Rajasthan Assembly Elections 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 58 प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। भगवा पार्टी ने राज्य की सबसे हॉट सीट जोधपुर की सरदारपुरा (Sardarpura constituency) विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) के सामने महेंद्र सिंह राठौड़ (Mahendra Singh Rathore) को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट के खिलाफ टोंक निर्वाचन क्षेत्र (Tonk constituency) से अजीत सिंह मेहता (Ajit Singh Mehta) चुनाव लड़ेंगे।

गुरुवार शाम को जारी तीसरी लिस्ट में कई विधायकों को फिर मौका दिया गया है। जयपुर के हवामहल से बाल मुकुंद आचार्य, अलवर के रामगढ़ से जय आहूजा, भरतपुर के नदबई से नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह, अलवर के बहरोड़ से पूर्व मंत्री जसवंत सिंह यादव, जयपुर के विराटनगर विधानसभा सीट से कुलदीप धनखड़ को टिकट दिया गया है। जयपुर की हवामहल सीट पर बालमुकुंद आचार्य को टिकट दिया गया है।

वहीं, शाहपुरा से कैलाशचंद मेघवाल का टिकट काटते हुए वहां लालाराम बैरवा को मैदान में उतारा है। तीसरी लिस्ट में कुल 58 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। इससे पहले बीजेपी की पहली लिस्ट में 41 उम्मीदवारों के नामों को ऐलान किया गया था। जबकि दूसरी लिस्ट में 83 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे।


अब तीसरी लिस्ट में घोषित 58 उम्मीदवारों के साथ कुल 182 सीटों पर भगवा ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए अपने 41 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में 7 मौजूदा सांसदों के नाम थे। इनमें से 6 लोकसभा के, जबकि एक राज्यसभा का सदस्य है।

BJP ने जिन सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने की घोषणा की है उनमें लोकसभा सदस्य नरेंद्र कुमार (मंडावा), दिया कुमारी (विद्याधर नगर), राज्यवर्धन राठौड़ (झोटवाड़ा), भागीरथ चौधरी (किशनगढ़), देवजी पटेल (सांचौर) एवं बालक नाथ (तिजारा) तथा राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा (सवाई माधोपुर) शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- 'कांग्रेस और विकास में छत्तीस का आंकड़ा है', छत्तीसगढ़ में बघेल सरकार पर बरसे पीएम मोदी

निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने नई दिल्‍ली में पांच राज्यों में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की। इसके अनुसार, राजस्थान राज्य की सभी 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।