Rajasthan Assembly Elections 2023: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को कहा कि राजस्थान में कांग्रेस नेता एक साथ हैं और पार्टी 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी। एक चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए चुरू के तारानगर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता एक साथ हैं और एकजुट रहेंगे। राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी थे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज से राज्स्थान में अपना चुनावी अभियान तेज करेंगे। गुरुवार सुबह वह जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "...हम एक साथ हैं और एक साथ रहेंगे। कांग्रेस पार्टी यहां (राजस्थान) चुनाव जीतेगी।" गांधी नोहर (हनुमानगढ़) और सादुलशहर (श्रीगंगानगर) में भी सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस ने कहा कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में उसके शीर्ष नेतृत्व की राजनीतिक गतिविधि को लेकर अफवाह फैलाई गई है। जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वहां पहले भी प्रचार किए हैं तथा आने वाले दिनों में भी करेंगे। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह बयान उस वक्त दिया है, जब कुछ खबरों में दावा किया गया है कि कांग्रेस आलाकमान राजस्थान विधानसभा चुनाव पर पूरा ध्यान केंद्रित नहीं कर रहा है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह मत भूलिए कि राहुल जी 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान पूरे राजस्थान में 18 दिनों तक चले। राजस्थान में लागू किया जा रहा कांग्रेस का दृष्टिकोण और आगामी चुनावों के लिए इसकी गारंटी राहुल जी की राजस्थान के गरीबों, युवाओं और हाशिए पर रहने वाले लोगों के साथ बातचीत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि हमारी पूरी पार्टी, बूथ स्तर से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष तक, एकजुट होकर यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि राजस्थान में हमारी सरकार दोबारा बने। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम शानदार जीत के साथ सत्ता में लौटेंगे, क्योंकि कांग्रेस का राजस्थान की 8 करोड़ जनता के साथ अटूट, मजबूत रिश्ता है। यह एक ऐसा बंधन है, जो दशकों की सार्वजनिक सेवा और क्रांतिकारी शासन द्वारा बना है।