Rajasthan Election: मन मुटाव भुला चुके सचिन पायलट, बोले- एकजुट होकर लड़ेंगे राजस्थान चुनाव, हाईकमान तय करेगा CM का नाम

Rajasthan Election: हैदराबाद में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक से पहले न्यूज एजेंसी PTI के साथ एक खास इंटरव्यू में सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने कहा कि कांग्रेस 2018 के राजस्थान चुनाव में किए गए सभी चुनावी वादों पर खरी उतरी है और राज्य सरकार और पार्टी मिलकर काम कर रही हैं। पायलट ने विश्वास जताया कि इस एकजुटता के कारण इस चुनाव में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी को पराजित करेगी

अपडेटेड Sep 15, 2023 पर 4:40 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Election: मन-मुटाव भुला चुके सचिन पायलट

Rajasthan Election 2023: कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव (Rajasthan Assembly Election) ''एकजुट होकर'' लड़ेगी और अगली सरकार का नेतृत्व कौन करेगा, इसका फैसला आलाकमान की तरफ से चुने हुए विधायकों के साथ विचार विमर्श के बाद किया जाएगा। उन्होंने ये विश्वास भी जताया कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में हर पांच साल पर सरकार बदलने की परंपरा को तोड़ेगी।

हैदराबाद में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक से पहले न्यूज एजेंसी PTI के साथ एक खास इंटरव्यू में पायलट ने कहा कि कांग्रेस 2018 के राजस्थान चुनाव में किए गए सभी चुनावी वादों पर खरी उतरी है और राज्य सरकार और पार्टी मिलकर काम कर रही हैं। पायलट ने विश्वास जताया कि इस एकजुटता के कारण इस चुनाव में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी को पराजित करेगी।

चुनाव में पार्टी के सामूहिक नेतृत्व के साथ उतरने से जुड़े अपने पहले के बयान के बारे में पूछे जाने पर पायलट ने कहा कि ये न केवल राजस्थान, बल्कि पूरे देश में कांग्रेस की परंपरा रही है।


उनका कहना था, "एक बार जब हम चुनाव जीत जाते हैं और बहुमत हासिल कर लेते हैं, तो विधायक और पार्टी नेतृत्व तय करते हैं कि विधायक दल का नेतृत्व कौन करेगा। ये कोई नई बात नहीं है। ये दशकों से परिपाटी रही है और अगले कुछ महीने में हम जिन राज्यों में चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं, वहां पर भी यही नीति अपनाई जाएगी।"

कौन होगा मख्यमंत्री पद का चेहरा? पायलट का जवाब

कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद के चेहरे के बारे में पूछे जाने पर पायलट ने कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे जी, राहुल गांधी जी और सोनिया जी हमारे नेता हैं और राजस्थान में हमारी कांग्रेस सरकार है। इसलिए हमें एकजुट होकर प्रभावी ढंग से काम करना होगा ताकि चुनाव जीता जा सके। अगर हमें बहुमत मिलता है, तो विधायकों से विचार विमर्श किया जाएगा और नेतृत्व उसके आधार पर फैसला करेगा कि सरकार की कमान किसे सौंपी जाए।"

पायलट ने कहा, "कांग्रेस पार्टी हमेशा एकजुट रही है। हमारे पास जो भी मुद्दे हैं, उन पर चर्चा करना, बात करना और ये सुनिश्चित करना हमारे अधिकार में है कि लोगों की आवाज ऊपर के स्तर पर सुनी जाए।"

ये पूछे जाने पर कि अतीत में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें 'निकम्मा', 'नाकारा' और 'गद्दार' जैसे नामों से बुलाया था और क्या वह इन बातों को भूल चुके हैं? पायलट ने कहा, "मैंने अपने सभी सार्वजनिक बयानों में हमेशा बहुत ज्यादा सम्मान और संयम दिखाया है। मेरे मूल्य और संस्कार मुझे ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देते, जो हमारी बातचीत की गरिमा को कम कर दे।”

उनका कहना था, "मैंने जो मुद्दे उठाए उनका पार्टी नेतृत्व ने संज्ञान लिया और उनके समाधान के लिए कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं।"

ये पूछे जाने पर कि पिछले साल विधायक दल की बैठक नहीं होने देने के मामले में गहलोत के तीन वफादार नेताओं के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई है, पायलट ने कहा कि वह इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहते क्योंकि ऐसे मुद्दों पर फैसला एआईसीसी को करना है।

Rajasthan Election 2023: राजस्थान में करीब 10 मंत्रियों के टिकट काट सकती है कांग्रेस, 70 नए चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी

पायलट ने दावा किया कि BJP राज्य में बुरी स्थिति में है और अपने संगठन के भीतर अलग-अलग तरह के ''विरोधाभासों'' का सामना कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, "BJP केंद्र में सत्ताधारी दल की भूमिका नहीं निभा पाई और उसने लोगों को निराश किया। साथ ही वह राजस्थान में भी विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करने में विफल रही।"

राजस्थान में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी के हमले पर पलटवार करते हुए पायलट ने कहा कि BJP को संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दूसरे BJP शासित राज्यों में दलितों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों पर भी उतनी ही चिंता दिखानी चाहिए।

उन्होंने कहा, "राजस्थान में जब भी कानून-व्यवस्था की समस्या हुई है, सरकार ने कार्रवाई की है, प्रशासन ने दोषियों को पकड़ा है और अपराधियों को सख्त सजा दी है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।