Rajasthan Polls: 'सनातन को खत्म करना चाहती है कांग्रेस, अपराध में नंबर 1 बना राजस्थान', गहलोत सरकार पर बरसे पीएम मोदी

Rajasthan Polls: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा में मौजूद जनता से कहा कि सौहार्द की इस धरा पर ऐसी-ऐसी घटनाएं हुईं, जिनके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती। ऐसी विकृत मानसिकता वाली कांग्रेस को अच्छे से सबक सिखाना जरूरी है। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है और 3 दिसंबर को 4 अन्य राज्यों के साथ मतगणना होगी

अपडेटेड Nov 20, 2023 पर 2:51 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Polls: पीएम मोदी ने कांग्रेस और I.N.D.I.A. गठबंधन पर सनातन धर्म को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया

Rajasthan Assembly Elections 2023: चुनावी राज्य राजस्थान के पाली में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर 1 बना दिया है। यहां के मुख्यमंत्री (अशोक गहलोत) कहते हैं कि राज्य की महिलाएं और बेटियां पुलिस थाने में जाकर अपने ऊपर हुए अत्याचार की जो शिकायत दर्ज करवाती हैं वो फर्जी शिकायत है। पीएम ने पूछा कि क्या कोई मां-बहन फर्जी शिकायत दर्ज करा सकती हैं? क्या ये महिलाओं का अपमान नहीं है?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब से महिलाओं को आरक्षण देने वाला कानून 'नारीशक्ति वंदन अधिनियम' पारित हुआ है, तब से इन्होंने महिलाओं के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि घमंडिया (I.N.D.I.A.) गठबंधन के नेताओं ने बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणियां हमारी माताओं-बहनों के लिए की हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) ने तो विधानसभा में महिलाओं के प्रति घोर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। लेकिन कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस पर कुछ नहीं बोला। यही कांग्रेस का असली चेहरा है, जिसे राजस्थान के लोग पहचान गए हैं।


इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और I.N.D.I.A. गठबंधन पर सनातन धर्म को खत्म करने की कोशिश का भी आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी (I.N.D.I.A. गठबंधन) सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। सनातन को खत्म करने का मतलब है राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना। क्या आप ये करने देंगे?

प्रधानमंत्री ने कहा कि सनातन को लेकर इन्होंने (कांग्रेस और विपक्षी नेता) क्या-क्या कहा है ये पूरे देश ने देखा है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सबको पता है कि जालौर जिले के कानिवाड़ा में हनुमान जी के प्राचीन मंदिर में पीढ़ियों से दलित समाज के ही पुजारी हैं और पूजा करते हैं। ऐसी प्रेरणादायी भूमि पर कांग्रेस के संरक्षण में दलितों को निशाना बनाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर कांग्रेस आंखों पर पट्टी बांध लेती है। राजस्थान में भी 5 साल तक दलित परिवारों के साथ हुए अत्याचार पर कांग्रेस ने यही किया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को दंगों में झोंक दिया। दंगों और आतंकी मानसिकता वालों के हौसले बुलंद हो गए।

ये भी पढ़ें- MP Election 2023: मध्य प्रदेश के भिंड में इस केंद्र पर फिर होगा मतदान, जानें क्यों EC ने दिया आदेश

प्रधानमंत्री ने जनसभा में मौजूद जनता से कहा कि सौहार्द की इस धरा पर ऐसी-ऐसी घटनाएं हुईं, जिनके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती। ऐसी विकृत मानसिकता वाली कांग्रेस को अच्छे से सबक सिखाना जरूरी है। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है और 3 दिसंबर को 4 अन्य राज्यों के साथ मतगणना होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।