Telangana Assembly Election 2023: भारत राष्ट्र समिति (BRS) के प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 15 अक्टूबर से धुआंधार प्रचार अभियान चलाएंगे। इस दौरान वह 41 रैलियों को संबोधित करेंगे, जिसकी शुरुआत 15 अक्टूबर से होगी। BRS ने पहले ही घोषणा की है कि राव 15 अक्टूबर को अपने चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करते हुए सिद्दीपेट जिले के हुस्नाबाद में चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए मंगलवार को दो कार्यक्रमों को संबोधित किया था।
मंगलवार रात को जारी की गई कार्यक्रम सूची के अनुसार, सीएम राव 16 अक्टूबर को जनगांव और भुवनागिरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और इसके बाद 17 अक्टूबर को सिरसिल्ला और सिद्दीपेट में प्रचार करेंगे। वह 18 अक्टूबर को जडचर्ला और मेडचल में दो बैठकों में भाग लेंगे। एक सप्ताह बाद 26 अक्टूबर को वह तीन रैलियां करेंगे और उनका प्रचार अभियान 9 नवंबर तक जारी रहेगा।
KCR 9 नवंबर को गजवेल और कामारेड्डी दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से नामांकन दाखिल करेंगे। वह इन दोनों सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता 19 अक्टूबर तक अलग-अलग दिन प्रचार अभियान में भाग लेंगे।
चुनाव आयोग ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल के तौर पर देखे जा रहे पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का सोमवार को ऐलान कर दिया। मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए एक चरण में क्रमश: 17 नवंबर, 23 नवंबर, 30 नवंबर तथा 7 नवंबर को मतदान होगा। जबकि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 एवं 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इन पांचों राज्यों में 3 दिसंबर को मतगणना होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने अपने पिछले 10 साल के शासनकाल में कभी गरीबों के लिए काम नहीं किया, बल्कि केवल इस बात पर ध्यान केंद्रित किया कि अपने बेटे के.टी. रामाराव को राज्य का मुख्यमंत्री कैसे बनाया जाए। शाह ने एक जनसभा में आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने आदिवासियों के लिए डबल बेडरूम आवास जैसे चुनावी वादे पूरे नहीं किए।
शाह ने कहा कि KCR का लक्ष्य केवल अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है। लेकिन भारतीय जनता का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आदिलाबाद के प्रत्येक आदिवासी को शिक्षा, नौकरी और किसानों को जल मिले। बता दें कि मुख्यमंत्री राव को KCR के नाम से भी जाना जाता है। शाह ने कहा कि आपके पास दो विकल्प हैं। एक KCR सरकार है जो अपने बेटे और बेटी के बारे में सोचती है और दूसरी तरफ आपके पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं जो दलितों, गरीबों और आदिवासियों के बारे में सोचते हैं।
शाह ने कहा कि तेलंगाना को डबल इंजन सरकार की जरूरत है यानी केंद्र के साथ-साथ राज्य में भी मोदी सरकार। उन्होंने विश्वास जताया कि 30 नवंबर को चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में BJP तेलंगाना में सरकार बनाएगी। शाह ने आरोप लगाया कि तेलंगाना किसानों की आत्महत्या और महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराध में नंबर एक बन गया है। उन्होंने यह आरोप भी दोहराया कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के पास KCR की कार का स्टीयरिंग है। सत्तारूढ़ BRS पार्टी का चुनाव चिन्ह कार है।