Telangana Assembly Elections 2023: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार की शुरुआत करते हुए मंगलवार को आदिलाबाद में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) ने अपने पिछले 10 सालों के शासनकाल में कभी गरीबों के लिए काम नहीं किया, बल्कि केवल इस बात पर ध्यान केंद्रित किया कि अपने बेटे के टी रामाराव (KTR) को राज्य का मुख्यमंत्री कैसे बनाया जाए। बता दें कि मुख्यमंत्री राव को KCR के नाम से भी जाना जाता है।
अमित शाह ने जनसभा में आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (BRS) के नेतृत्व वाली तेलंगाना सरकार ने आदिवासियों के लिए डबल बेडरूम आवास जैसे चुनावी वादे पूरे नहीं किए। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, शाह ने कहा, "KCR का लक्ष्य केवल अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है। लेकिन BJP का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आदिलाबाद के प्रत्येक आदिवासी को शिक्षा, नौकरी और किसानों को जल मिले।"
उन्होंने कहा, "आपके पास दो विकल्प हैं। एक KCR सरकार है जो अपने बेटे और बेटी के बारे में सोचती है और दूसरी तरफ आपके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जो दलितों, गरीबों और आदिवासियों के बारे में सोचते हैं।" शाह ने कहा कि तेलंगाना को डबल इंजन सरकार की जरूरत है यानी केंद्र के साथ-साथ राज्य में भी मोदी सरकार। उन्होंने विश्वास जताया कि 30 नवंबर को चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में BJP तेलंगाना में सरकार बनाएगी।
AIMIM के इशारे पर सरकार चलाने का लगाया आरोप
शाह ने आरोप लगाया कि तेलंगाना किसानों की आत्महत्या और महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराध में नंबर एक बन गया है। उन्होंने यह आरोप भी दोहराया कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के पास KCR की कार का स्टीयरिंग है। बता दें कि सत्तारूढ़ BRS पार्टी का चुनाव चिन्ह कार है। उन्होंने आरोप लगाया कि KCR सरकार मजलिस (AIMIM) के इशारे पर चल रही है।
शाह ने पूछा, "क्या आप चाहते हैं कि तेलंगाना मजलिस के निर्देशों पर चले?" उन्होंने लोगों से KCR सरकार को हटाने और BJP सरकार को चुनने की अपील की। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में देरी की थी। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर के निर्माण की पहल की और भव्य मंदिर जनवरी, 2024 तक तैयार हो जाएगा।