Telangana Assembly Election 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) और पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (JSP) तेलंगाना में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए तैयार हैं। जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। JSP के सूत्रों के मुताबिक, जनसेना राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंदला मनोहर के साथ अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण ने बुधवार को शाह से मुलाकात की। उन्होंने हैदराबाद पहुंचने से पहले तेलंगाना BJP नेतृत्व और पवन कल्याण को एक सहमति पर पहुंचने को कहा।
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी और JSP नेता और अभिनेता पवन कल्याण को तेलंगाना चुनाव के लिए मिलकर काम करने को कहा है। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा। शाह शुक्रवार को तेलंगाना के सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित होने वाले भारतीय पुलिस सेवा (IPS) प्रोबेशनर्स के 75वें (नियमित भर्ती) बैच की पासिंग आउट परेड की समीक्षा करेंगे।
उसी दिन दोपहर में वह एक चुनावी रैली को भी संबोधित करेंगे। बताया जाता है कि शाह ने उनसे शुक्रवार तक हैदराबाद दौरे पर सीट बंटवारे पर सहमति बनाने को कहा है। दोनों नेता अपनी पार्टियों के भीतर बातचीत करने और ठोस प्रस्ताव लाने पर सहमत हुए।
BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का एक घटक JSP पहले ही कह चुका है कि वह तेलंगाना में 32 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहता है। इनमें से ज्यादातर अविभाजित हैदराबाद, महबूबनगर, खम्मम, मेडक और नलगोंडा जिलों में हैं।
सूत्रों ने कहा, "कल्याण और मनोहर दोनों कल रात हैदराबाद लौट आए। किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले कल्याण गुरुवार को जनसेना तेलंगाना नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।" केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना बीजेपी प्रमुख जी किशन रेड्डी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से कहा था कि वह हैदराबाद में कल्याण से मिल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि JSP राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है। पवन कल्याण बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा कर रहे हैं। जनसेना ने दो अक्टूबर को कहा था कि पार्टी 30 नवंबर के चुनावों में कुल 119 में से 32 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
कल्याण ने हाल ही में पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के साथ गठबंधन की घोषणा की थी। बीजेपी के सूत्रों ने कहा कि पार्टी का तेलंगाना में केवल पवन कल्याण के साथ गठबंधन होगा। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के साथ नहीं। आंध्र प्रदेश से आने वाले पवन कल्याण की युवाओं के बीच बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है।