Assembly Election 2023: एग्जिट पोल सही होने पर किस तरह से करवट लेगी राष्ट्रीय राजनीति?

क्या एग्जिट पोल, चुनाव के वास्तविक नतीजों के करीब हैं? जाहिर तौर पर नहीं, लेकिन ज्यादातर मामलों में एग्जिट पोल वोटिंग ट्रेंड की तरफ इशारा करते हैं। कई मौकों पर एग्जिट पोल झटका भी देते हैं, जब नतीजे पोल के अनुमानों से बिल्कुल उलट हो जाते हैं। अगर सभी एग्जिट पोल के नतीजों को मिलाकर बात की जाए, तो तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के संकेत मिलते हैं

अपडेटेड Dec 01, 2023 पर 2:46 PM
नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर 2024 के लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय परिदृश्य पर छाए रहेंगे।

क्या एग्जिट पोल, चुनाव के वास्तविक नतीजों के करीब हैं? जाहिर तौर पर नहीं, लेकिन ज्यादातर मामलों में एग्जिट पोल वोटिंग ट्रेंड की तरफ इशारा करते हैं। कई मौकों पर एग्जिट पोल झटका भी देते हैं, जब नतीजे पोल के अनुमानों से बिल्कुल उलट हो जाते हैं।

अगर सभी एग्जिट पोल के नतीजों को मिलाकर बात की जाए, तो तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के संकेत मिलते हैं। हालांकि, एग्जिट पोल के रुझानों के मुताबिक, बीजेपी राजस्थान में कांग्रेस को हराकर सत्ता में वापसी कर सकती है। पिछले 30 साल में राज्य में कोई भी पार्टी दोबारा सत्ता में नहीं लौटी है। मध्य प्रदेश में भी इस बात की प्रबल संभावना है कि बीजेपी पाचवीं बार सत्ता में लौट जाए।

तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बढ़त


के. चंद्रशेखर राव (K Chandrashekar Rao) की अगुवाई वाली पार्टी बीआरएस (BRS) अलग राज्य के तौर पर तेलंगाना के गठन के बाद से यानी 2014 से यहां सत्ता में है। तकरीबन सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन का अनुमान जताया गया है और अंतर सिर्फ सीटों की संख्या को लेकर है। यह जीत कांग्रेस का हौसला बढ़ा सकती है। तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में जीत से कांग्रेस में यह सुनिश्चित हो सकता है कि 2014 के लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गांधी परिवार ही केंद्र में रहेगा।

हिंदी पट्टी में कांग्रेस की कमजोर हालत!

एग्जिट पोल से मिले संकेतों की मानें तो राजस्थान और मध्य प्रदेश में नतीजे अनुकूल नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बीच मंथन शुरू हो सकता है। अन्य गैर-बीजेपी पार्टियां भी उत्तर भारत में जीत हासिल करने की कांग्रेस की क्षमता पर सवाल खड़े कर सकती हैं, जहां मोदी के नेतृत्व में बीजेपी काफी मजबूत राजनीतिक ताकत बन चुकी है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांग्रेस को झटका लगने पर कांग्रेस के भीतर अशोक गहलोत और कमलनाथ जैसे क्षत्रपों पर भी सवाल उठ सकते हैं। दूसरी तरफ, रेवनाथ रेड्डी जैसा नया नेता तेलंगाना में राव जैसे दिग्गज नेता के लिए चुनौती बन गया है। साथ ही, उन्होंने पार्टी के पुराने नेताओं की भी अनदेखी नहीं की है।

हालांकि, तेलंगाना में जीत के बिना कांग्रेस का हौसला काफी कमजोर रहेगा। सिर्फ छत्तीसगढ़ में जीत से 2024 में मोदी के लिए कड़ी चुनौती पेश करना मुश्किल होगा। हमें यह याद रखने की जरूरत है कि 2018 के विधानसभा चुनावों में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हार के बावजूद मोदी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में 2024 से भी बड़ा जनादेश हासिल किया था।

मध्य प्रदेश, राजस्थान में जीत से बीजेपी में बना रहेगा उत्साह

नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर 2014 के लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय परिदृश्य पर छाए रहेंगे। हालांकि, छत्तीसगढ़ के नतीजे बीजेपी को निराश कर सकते हैं, लेकिन राजस्थान और मध्य प्रदेश में जीत से लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी का हौसला मजबूत होगा। तेलंगाना के नतीजे बीजेपी को परेशान नहीं करेंगे, क्योंकि पार्टी ने कुछ महीने पहले ही यहां तीसरे खिलाड़ी के तौर पर अपनी स्थिति स्वीकार कर ली थी। बहरहाल, अगर राज्य में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है और इसकी सीटें दोहरे अंकों में रहती हैं, तो पार्टी यहां किंगमेकर की भूमिका निभा सकती है।

क्या कह रहे हैं एग्जिट पोल के नतीजे

मध्य प्रदेश की बात करें, तो ज्यादातर एग्जिट पोल में राज्य की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला दिखाया गया है। दो एग्जिट पोल में बीजेपी की बढ़त है, जबकि एक में कांग्रेस आगे है। दो अन्य एग्जिट पोल में दोनों पार्टियों के बीच कांटे का मुकाबला बताया गया है। इंडियाटुडे-एक्सिसमायइंडिया और चाणक्य-न्यूज 24 में बीजेपी की शानदार जीत का अनुमान लगाया गया है।

राजस्थान में ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी के सत्ता में आने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इंडियाटुडे-एक्सिसमायइंडिया और चाणक्य-न्यूज 24 ने दोनों पार्टियों के बीच कांटे का मुकाबला होने की संभावना व्यक्त की है। छत्तीसगढ़ से जुड़े 5 एग्जिट पोल में दोनों पार्टियों के बीच मुकाबला कड़ा बताया गया है, लेकिन कांग्रेस की बढ़त के संकेत दिए गए हैं। तीन अन्य पोल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दूसरी बार भी जीत की भविष्यवाणी की गई है।

तेलंगाना में तकरीबन सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस की बढ़त दिखाई है। तीन एग्जिट पोल में कहा गया है कि कांग्रेस राज्य में बहुमत हासिल करेगी, जबकि अन्य में कांग्रेस पार्टी को सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभकर सामने आने की बात कही गई है। मिजोरम में MNF लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के लिए कोशिश कर रही है। हालांकि, सभी एग्जिट पोल में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के संकेत दिए गए हैं। यहां मुकाबला मुख्य तौर पर MNF और ZPM के बीच है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।