Get App

Uttar Pradesh Bypolls Exit Poll: एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त, जानिए यूपी में किसका पलड़ा भारी

Uttar Pradesh Bye-Election: इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ी टक्कर है। इस उपचुनाव में एक्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। बता दें कि यूपी में आज 9 सीटों पर वोटिंग हुई है

MoneyControl Newsअपडेटेड Nov 20, 2024 पर 7:15 PM
Uttar Pradesh Bypolls Exit Poll: एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त, जानिए यूपी में किसका पलड़ा भारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है और अब एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं।

Uttar Pradesh Bypolls Exit Poll: उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है और अब एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं। मतदान समाप्त होने के साथ ही JVC और Matrize एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्व वाले NDA को बढ़त मिलती दिख रही है। Matrize के अनुसार एनडीए सात सीटों पर आगे चल रही है, जबकि समाजवादी पार्टी कुल दो सीटों पर आगे बताई जा रही है। वहीं, जेवीसी एग्जिट पोल का दावा है कि यूपी उपचुनाव में नौ में से छह सीटों पर भाजपा जीतेगी।

प्रदेश में आज मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर (अनुसूचित जाति के लिये सुरक्षित), करहल, सीसामऊ, फूलपुर, कटेहरी और मझवां सीट के मतदान हुआ। उपचुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। उपचुनाव में कुल 90 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र से मैदान में हैं। वहीं, सबसे कम पांच-पांच उम्मीदवार खैर (सुरक्षित) और सीसामऊ सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में सीसामऊ, कटेहरी, करहल और कुंदरकी सीट पर सपा ने जीत हासिल की थी जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां और खैर पर जीत हासिल की थी। मीरापुर सीट राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के पास थी, जो अब भाजपा की सहयोगी है। कांग्रेस ने उपचुनाव में हिस्सा नहीं लिया और इंडिया गठबंधन की अपनी सहयोगी सपा का समर्थन कर रही है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने दम पर सभी नौ सीट पर चुनाव लड़ा।

असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने गाजियाबाद, कुंदरकी और मीरापुर सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे, जबकि चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सीसामऊ को छोड़कर सभी सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें