Chhath Puja 2024: 5 नवंबर से शुरू हो जाएगी छठ पूजा, जानिए नहाय खाए से लेकर पारण तक की सही तिथि

Chhath Puja 2024 Date: हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से छठ पूजा की शुरुआत हो जाती है। यह महापर्व पूरे चार दिनों तक चलता है। छठ पूजा का मुख्य व्रत कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को रखा जाता है। इस बार इसकी शुरुआत 5 नवंबर से हो रही है, जो कि 7 नवंबर तक चलेगा

अपडेटेड Oct 30, 2024 पर 12:51 PM
Chhath Puja 2024 Date: इस साल 7 नवंबर को छठ पर्व मनाया जाएगा। 8 को सुबह का अर्घ्य देने के बाद पारण किया जाएगा।

आस्था का महापर्व छठ हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू हो जाता है। इसे सप्तमी तिथि तक मनाया जाता है। छठ पूजा की विशेष धार्मिक मान्यता होती है। इस कठिन व्रत को महिलाएं घर की खुशहाली और संतान की सलामती के लिए रखती हैं। इसे सूर्य षष्ठी, छठ, छठी और डाला छठ जैसे नामों से भी जाना जाता है। छठ पूजा में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है। इस बार इसकी शुरुआत 5 नवंबर से होगी। 8 नवंबर को इसका पारण होगा। छठ पूजा सूर्य देव की पूजा के लिए समर्पित एक प्रमुख हिंदू त्योहार है।

यह बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और नेपाल के कुछ हिस्सों में मनाया जाता है। यह त्योहार चार दिनों तक चलता है। मुख्य अनुष्ठानों में डूबते और उगते सूरज दोनों को प्रार्थना करना शामिल है। भक्त, विशेष रूप से महिलाएं, उपवास रखती हैं और अपने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करती हैं।

छठ पूजा कब है?


हर साल छठ पूजा दिवाली से 6 दिन बाद की जाती है। पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि 7 नवंबर की देर रात 12.41 बजे से शुरू होगी और इसका समापन 8 नवंबर की देर रात 12.34 बजे होगा। ऐसे में 7 नवंबर, गुरुवार के दिन ही संध्याकाल का अर्घ्य दिया जाएगा। सुबह का अर्घ्य अगले दिन 8 नवंबर को दिया जाएगा। इसके बाद पारण होगा।

छठ पूजा 2024 कैलेंडर

छठ पूजा का पहला दिन, 5 नवंबर 2024- नहाय खाय

छठ पूजा का दूसरा दिन, 6 नवंबर 2024- खरना

छठ पूजा का तीसरा दिन, 7 नवंबर 2024-संध्या अर्घ्य

छठ पूजा का चौथा दिन, 8 नवंबर 2024- उषा अर्घ्य

नहाय खाय

नहाय खाय से छठ पूजा की शुरुआत होती है। इस दिन श्रद्धालु नदी या तालाब में स्नान करते हैं। अगर नदी में नहाना संभव न हो ते घर पर भी नहा सकते हैं। इसके बाद व्रती महिलाएं भात, चना दाल और लौकी का प्रसाद बनाकर ग्रहण करती हैं। इस दिन शुद्ध और सात्विक भोजन किया जाता है।

खरना क्या है?

छठ पूजा के दूसरे दिन को लोहंडा या खरना कहा जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को खरना का प्रसाद बनाया जाता है। इस दिन माताएं दिनभर व्रत रखती हैं और पूजा के बाद खरना का प्रसाद खाकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का आरंभ करती है। इस दिन मिट्टी के चूल्हे में आम की लकड़ी से आग जलाकर प्रसाद बनया जाता है।

संध्या अर्घ्य

तीसरे दिन, व्रती सूर्यास्त के समय नदी या तालाब के किनारे जाकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। यह छठ पूजा का सबसे अहम दिन होता है। इसके साथ ही बांस के सूप में फल, गन्ना, चावल के लड्डू, ठेकुआ सहित अन्य सामग्री रखकर पानी में खड़े होकर पूजा की जाती है।

प्रातःकालीन अर्घ्य

चौथे दिन, उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस दिन व्रती अपने व्रत का पारण करते हैं। साथ ही अपनी संतान की लंबी उम्र और अच्छे भविष्य की कामना करते हैं। इसी दिन प्रसाद वितरण किया जाता है।

छठ पूजा का प्रसाद भी है विशेष

छठ पूजा में ठेकुआ, मालपुआ, चावल के लड्डू, फलों और नारियल का प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। सबसे पहले ये सारी चीजें सूर्यदेव और छठी मैय्या को अर्पित किया जाता है।

Diwali 2024 Muhurat: 31 अक्टूबर को है दिवाली, जानिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, नोएडा, समेत अन्य शहरों में लक्ष्मी पूजा का समय

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।