गौतम अदाणी के ग्रुप की कंपनी अदाणी पोर्ट्स (ADANI PORTS AND SPECIAL ECONOMIC ZONE or APSEZ) चेन्नई स्थित अपने एन्नोर कंटेनर टर्मिनल (Adani Ennore Container Terminal or AECTPL) में 49% हिस्सेदारी बेच रही है। यह बिक्री स्विट्जरलैंड की दिग्गज मेडिटेरेनियन शिपिंग कंपनी की एक यूनिट को 2.47 अरब रुपये (लगभग 2.96 करोड़ डॉलर) में की जा रही है। अदाणी पोर्ट्स भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट पोर्ट ऑपरेटर है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को सूचना दी, 'कंपनी ने 14 दिसंबर 2023 को अदाणी एन्नोर कंटेनर टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड में 49% हिस्सेदारी के विनिवेश के लिए टर्मिनल इन्वेस्टमेंट लिमिटेड की इनडायरेक्ट सब्सिडियरी और मेडिटेरेनियन शिपिंग कंपनी की सहयोगी 'मुंडी लिमिटेड' के साथ एक शेयर खरीद समझौता किया है।'
टर्मिनल इनवेस्टमेंट के साथ दूसरी साझेदारी
टर्मिनल इनवेस्टमेंट (Terminal Investment), मेडिटेरेनियन शिपिंग कंपनी की कंटेनर टर्मिनल ऑपरेटिंग और इनवेस्टिंग आर्म है। यह अदाणी पोर्ट्स की टर्मिनल इनवेस्टमेंट के साथ दूसरी साझेदारी है। इससे पहले 2013 में अदानी पोर्ट्स और टर्मिनल इन्वेस्टमेंट ने मुंद्रा बंदरगाह पर एक कंटेनर टर्मिनल के लिए जॉइंट वेंचर क्रिएट किया था।
3-4 माह में पूरा होगा लेनदेन
यह लेनदेन अगले तीन से चार महीनों में पूरा होने की उम्मीद है। इसके लिए अभी रेगुलेटरी अप्रूवल्स लिया जाना बाकी है। ट्रांजेक्शन पूरा होने के बाद अदाणी पोर्ट्स की एन्नोर टर्मिनल में हिस्सेदारी 51 प्रतिशत रह जाएगी। अदाणी पोर्ट्स के मुताबिक, एन्नोर टर्मिनल की एंटरप्राइज वैल्यू, कर्ज सहित 12.11 अरब रुपये है। एन्नोर टर्मिनल की वार्षिक हैंडलिंग क्षमता 0.8 मिलियन ट्वेंटी-फुट इक्विलेंट यूनिट्स (TEUs) है। अदाणी पोर्ट्स देश में 13 बंदरगाहों और टर्मिनलों का संचालन करती है। इनमें से इसका सबसे बड़ा कंटेनर हैंडलिंग पोर्ट, गुजरात में स्थित मुंद्रा है।