Air India Plan: एयर इंडिया ने लंबी दूरी की फ्लाइट्स में प्रीमियम इकोनॉमी क्लास शुरू करने का प्लान बनाया है। इसकी शुरुआत अगले महीने से हो सकती है। कंपनी के सीईओ एवं एमडी Campbell Wilson ने यह जानकारी दी। उन्होंने शनिवार को कहा कि कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स में कंपनी प्रीमियम इकोनॉमी क्लास शुरू करेगी। टाटा समूह ने एयर इंडिया को खरीदा है। इसके बाद से कंपनी अपनी मार्केट हिस्सेदारी बढ़ाने की पूरी कोशिश कर रही है। कंपनी का फोकस घरेलू हवाई सेवाओं के साथ ही विदेशी हवाई सेवाओं में अपनी पैठ मजबूत करने पर है। इसके लिए टाटा समूह अपने एविएशन बिजनेसे की रीस्ट्रक्चरिंग भी कर रहा है। अभी टाटा समूह की एक से ज्यादा कंपनियां हवाई सेवाएं दे रही हैं।
विल्सन ने JRD Tata Memorial Trust की तरफ से आयोजित एक प्रोग्राम में कहा कि एयर इंडिया डोमेस्टिक और इंटरनेशनल रूट्स पर अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाकर कम से कम 30 फीसदी तक करेगी। टाटा समूह की एयरलाइन ने लंबी अवधि के लिए ग्रोथ प्लान बनाया है। पांच साल के इस प्लान पर कंपनी ने अमल करना शुरू कर दिया है। कंपनी अपने वाइड-बॉडी और नैरो-बॉडी फ्लीट को भी बढ़ा रही है। टाटा समूह ने इस साल जवरी में एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था।
एयर इंडिया के सीईओ ने कहा, "शॉर्ट टर्म प्लान के तहत कारपेट्स, करटेंस, सीट कुशंस और कवर्स बदले जा रहे हैं। खराब सीटों और इनफ्लाइट एंटरटेनमेंट को जल्द से जल्द ठीक किया जा रहा है। जिन मामलों में बाजार में पार्ट्स उपलब्ध नहीं हैं, उनमें टाटा टेक्नोलॉजीज जैसी कंपनियों को खुद पार्ट्स डिजाइन करने और उन्हें बनाने को कहा गया है।"
उन्होंने कहा कि डोमेस्टिक फ्लाइट्स मेन्यू को पूरी तरह से बदल दिया गया है। अगले महीने लंबी उड़ान वाल कुछ रूट्स पर प्रीमियम इकोनॉमी क्लास लॉन्च होगा। पैसे की कमी से करीब 20 एयरक्रॉफ्ट का इस्तेमाल नहीं हो रहा था। उन्हें फिर से उड़ान के लिए तैयार किया जा रहा है। केबिन इंटीरियर को छोड़ इनके लिए 30,000 पार्ट्स को खरीदना जरूरी था।
विल्सन ने बताया कि लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं हो रहे एयरक्राफ्ट्स के अलावा एयरलाइंस ने अतिरिक्त 30 एयरक्राफ्ट्स की लीज फाइनल कर दी है। अगले 12 महीनों में इनकी डिलीवरी पूरी हो जाएगी। डिलीवरी की शुरुआत अगले हफ्ते से हो जाएगी।