टाटा ग्रुप की स्वामित्व वाली एयर इंडिया (Air India) ने दिग्गज एयरोस्पेस कंपनी एयरबस (Airbus) से 40 वाइड-बॉडी प्लेन समेत 250 एयरक्राफ्ट खरीदने का निर्णय लिया है। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने आज मंगलवार को यह जानकारी दी। इस डील के तहत एयर इंडिया 40 वाइड-बॉडी A350 प्लेन और 210 नैरो-बॉडी एयरक्राफ्ट खरीदेगी। एक वर्चुअल इवेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी में चंद्रशेखरन ने कहा कि विमान खरीदने के लिए एयरबस के साथ एक लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किया गया है। वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल अल्ट्रा-लॉन्ग फ्लाइट्स के लिए किया जाएगा। टाटा समूह ने पिछले साल जनवरी में एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था।
Prime Minister Narendra Modi and French President Emmanuel Macron attend the launch of the new Air India-Airbus Partnership via video conference. pic.twitter.com/D4btXPX0hS
टाटा संस के चेयरमैन ने क्या कहा
इस मौके पर टाटा संस के अध्यक्ष नटराजन चंद्रशेखरन ने कहा, "हमने एयरबस के साथ बहुत अच्छे संबंध बनाए हैं। आज मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमने एयरबस से 250 विमान हासिल करने के आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।"
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर एयर इंडिया को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अहम सौदा भारत और फ्रांस के बीच गहरे होते संबंधों को दिखाता है। इसके साथ ही, यह भारत के सिविल एविएशन सेक्टर की सफलताओं और आकांक्षाओं को भी दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (UDAN) के जरिए देश के दूर-दराज के हिस्सों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों का आर्थिक और सामाजिक विकास हो रहा है। भारत के 'मेक इन इंडिया - मेक फॉर द वर्ल्ड' विजन के तहत एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में कई नए अवसर खुल रहे हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता का मुद्दा हो या वैश्विक खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा का, भारत और फ्रांस मिलकर सकारात्मक योगदान दे रहे हैं।