गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet) ने CEO सुंदर पिचई (Sundar Pichai) के लिए 3 साल के 69.20 करोड़ डॉलर तक के नए कंपनसेशन पैकेज को मंजूरी दी है। इस पैकेज का बड़ा हिस्सा ऑटोनॉमस वेंचर्स वेमो और विंग की परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा। यह जानकारी US सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन में 4 मार्च, 2026 को फाइल किए गए फॉर्म 8-K से मिली है। पिचई की सालाना सैलरी 20 लाख डॉलर पर बनी रहेगी। यह 2020 से नहीं बढ़ी है। साथ ही पिचई अभी भी सालाना बोनस के लिए पात्र नहीं हैं। उनके लिए नए मंजूर हुए पैकेज में चार हिस्से हैं।
पिचई के लिए टाइम-बेस्ड रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स में 8.4 करोड़ डॉलर हैं। यह एकमात्र गारंटीड एलिमेंट है, जो 25 मार्च 2026 से शुरू होकर तीन साल तक हर महीने मिलता रहेगा। उन्हें अल्फाबेट परफॉर्मेंस स्टॉक यूनिट्स की दो किश्त भी मिलेंगी, जिनमें से हर एक की टारगेट वैल्यू 6.3 करोड़ डॉलर है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनी का शेयरहोल्डर रिटर्न S&P 100 की कंपनियों के मुकाबले कैसा रहता है। एक किश्त का प्रदर्शन 2026–2027 के आधार पर और दूसरी का 2026–2028 के आधार पर मापा जाएगा। अगर कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा तो यह राशि टारगेट से दोगुनी तक हो सकती है, और अगर प्रदर्शन खराब रहा तो कुछ भी नहीं मिल सकता।
बेट परफॉर्मेंस यूनिट्स की ग्रांट सबसे खास हिस्सा
पैकेज का सबसे खास हिस्सा बेट परफॉर्मेंस यूनिट्स की ग्रांट है, जो सीधे वेमो LLC और विंग एविएशन LLC से जुड़ी है। Waymo LLC से जुड़ी यूनिट्स की टारगेट वैल्यू 13 करोड़ डॉलर और Wing Aviation LLC से जुड़ी यूनिट्स की टारगेट वैल्यू 4.5 करोड़ डॉलर है। ये अल्फाबेट स्टॉक में नहीं बल्कि वेमो और विंग की कॉमन यूनिट्स में सेटल होते हैं, जिससे पिचई को उन सब्सिडियरी कंपनियों में सीधा हिस्सा मिल जाता है जिन्हें बढ़ाने के लिए उनसे कहा जा रहा है। फाइलिंग में नुकसान के बारे में भी साफ-साफ बताया गया है। अगर तीन साल के परफॉर्मेंस पीरियड में हर यूनिट की वैल्यू में कोई बढ़ोतरी नहीं होती है, तो पिचई को कोई भी कॉमन यूनिट नहीं मिलेगी।
सुंदर पिचई के इस पे पैकेज की कुल रकम कंपनी के प्रदर्शन पर निर्भर करती है। अगर परफॉर्मेंस से जुड़े सभी लक्ष्य पूरे हो जाते हैं और भुगतान 200% तक होता है, तो कुल पैकेज लगभग 69.2 करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। सामान्य लक्ष्य के आधार पर इस पैकेज की कीमत करीब 39.1 करोड़ डॉलर मानी गई है। अगर कोई भी परफॉर्मेंस अवॉर्ड हासिल नहीं होता, तब भी पिचई को लगभग 9 करोड़ डॉलर के गारंटीड स्टॉक और सैलरी मिलेगी।
नेट वर्थ 1 अरब डॉलर के पार
पिचई की नेट वर्थ 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है। फोर्ब्स के मुताबिक, वर्तमान नेट वर्थ 1.5 अरब डॉलर है। पिचई उन बहुत कम नॉन-फाउंडिंग CEO में से एक हैं, जो बिलियनेयर स्टेटस तक पहुंचे हैं। वह भी तब जब कंपनी में उनके पास कभी भी कोई बड़ी शुरुआती इक्विटी हिस्सेदारी नहीं रही। पिचई ने पिछले दस सालों में प्री-शेड्यूल्ड रूल 10b5-1 ट्रेडिंग प्लान के तहत अल्फाबेट के लगभग 65 करोड़ डॉलर के शेयर बेचे हैं। अगर उनके पास वे शेयर होते, तो उनकी नेट वर्थ 2.5 अरब डॉलर के करीब हो सकती थी।