Amazon Down: दिग्गज अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी Amazon.com Inc की सेवाएं बुधवार को हजारों यूजर्स के लिए डाउन रहीं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने वेबसाइटों और मोबाइल ऐप के डाउन होने पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म Downdetector के हवाले से यह जानकारी दी है। Downdetector के मुताबिक, अमेरिका में सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार रात साढ़े 8 बजे) के करीब 12,000 से अधिक यूजर्स ने Amazon.com को एक्सेस करने में दिक्कत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्लेटफॉर्म में डाउन की समस्या से इससे भी कहीं अधिक संख्या में यूजर्स प्रभावित हुए होंगे।
Downdetector पर कुछ यूजर्स ने एमेजॉन की क्लाउड सर्विस यूनिट Amazon Web Services के डाउन होने को लेकर भी रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि ऐसे यूजर्स की संख्या 300 से भी कम थी। खबर लिखे जाने तक Amazon की तरफ से इसपर कोई बयान नहीं आया था।
Amazon में 20,000 कर्मचारियों की छंटनी की आशंका
इससे दो दिन पहले खबर आई थी कि एमेजॉन आने वाले महीनों में कम से कम 20,000 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी कर रही है। छंटनी के इस दौर में डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के वर्कर्स, टेक्नोलॉजी स्टाफ और कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव शामिल हैं। कंप्यूटरवर्ल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एमेजॉन महामारी के दौर में बड़े स्तर पर भर्तियों के बाद अपनी वर्कफोर्स को व्यवस्थित कर रही है।
पहले 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की थी खबर
इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने नवंबर में एक रिपोर्ट में बताया था कि Amazon बड़े स्तर पर छंटनी करेगी और कम से कम 10,000 लोगों को निकालेगी। हालांकि, मनीकंट्रोल स्वतंत्र रूप से इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं कर सका है।
छंटनी के शिकार कर्मचारियों को क्या मिलेगा
20 हजार कर्मचारी कंपनी के कुल कॉर्पोरेट स्टाफ के 6 फीसदी के बराबर हैं और एमेजॉन के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर और घंटे के हिसाब से काम करने वाले वर्कर्स सहित कुल 15 लाख वर्कर्स का लगभग 1.3 फीसदी है। कॉर्पोरेट स्टाफ को बताया गया है कि कर्मचारियों को उनके कंपनी कॉन्ट्रैक्ट्स के तहत 24 घंटे का नोटिस और सेवरेंस पे (severance pay) दिया जाएगा।